
भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हुकुमचंद मिल केस से जुड़े केस में बड़ा निर्णय दिया. हुकुमचंद मिल के मजदूरों को उनका बकाया पैसा मिल जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मजदूरों को भुगतान के लिए 464 करोड़ रुपए की राशि मंजूर कर दी है. वहीं अब इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व इंदौर 1 से विधायक और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री व उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव की सालों पुरानी दोस्ती एक बार फिर चर्चा में आयी है. दोनों की दोस्ती करीब 25 साल पुरानी बताई जाती है. हमेशा दोनों को कई मौके पर साथ में देखा गया है. अब कैलाश विजयवर्गीय ने सीएम की तारीफ करते हुए उन्हें बड़े वर्सेटाइल पर्सनालिटी का व्यक्ति बताया है.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की डिग्रियों पर बात करते हुए विजयवर्गीय ने बताया कि उन्होंने BSC, MA, LLB, MBA और PHD की हैं. इतना शिक्षित व्यक्ति सदन में कोई नही है. कैलाश ने कहा कि मोहन यादव के नेतृत्व में हम विकास में चार चांद लगाएंगे. वहीं हुकुमचंद मिल से जुड़े फैसले पर उन्होंने कहा कि मजदूर का बेटा जब मुख्यमंत्री बनता है तो मजदूरों की चिंता करता है. मेरे पिता जी भी हुकुमचंद मिल में काम करते थे. 30 साल बाद मजदूरों के पैसे मिलने जा रहे हैं. इन्दौर की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद.
विपक्ष को लेकर क्या बोले कैलाश
विपक्ष पर निशाना साधते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विपक्ष के नेताओं से कहना चाहता हूं, ये संकल्प पत्र डबल इंजन की सरकार का दस्तावेज है. हम चुनाव में डबल इंजन की सरकार के नाम से जनता के बीच गए थे. सारी योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है. 2023 में मध्यप्रदेश के सड़कों के क्या हाल हैं किसी को बताने की जरूरत नही है.
सिंहस्थ में दोनों ने साथ किया था काम
एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक, सिंहस्थ 2004 में कैलाश विजयवर्गीय और डॉ मोहन यादव ने साथ काम किया था. कैलाश उस समय उज्जैन के प्रभारी मंत्री थे. वह उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले में विकास कार्यों में लगे हुए थे, जिसमें मोहन यादव भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते नजर आए थे. कहा जाता है कि इसके बाद से उनकी जुगलबंदी हर कभी देखने को मिलती रही. अब मोहन यादव के सीएम बनने के बाद कैलाश ने उनकी तारीफ की है.
.
Tags: Kailash vijayvargiya, Mohan Yadav, Mp news
FIRST PUBLISHED : December 22, 2023, 07:18 IST





