Haryana Politics: EX. CM भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ में गरजे ‘SRK’, बोले- ‘कांग्रेस किसी एक परिवार की पार्टी नहीं’

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रोहतक. हाल ही में तीन राज्यों में हार का मुंह देख चुकी कांग्रेस पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में अपने पांव के नीचे ज़मीन मजबूत करना चाहती है. इसी कड़ी में जनवरी महीने में हरियाणा में “कांग्रेस संदेश यात्रा” निकाली जाएगी. रोहतक में कांग्रेस के भूपेन्द्र हुड्डा विरोधी माने जाने वाले SRK ग्रुप के नेताओं ने बकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर की. इस दौरान भूपेंद्र हुड्डा नजर नहीं आए. तीनों नेताओं रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और किरण ने यह कहकर पार्टी में गुटबाजी से इंकार जरूर किया कि सभी लोग अपने-अपने तरीके से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं. सभी को यात्रा का निमंत्रण दिया जायेगा और पार्टी में गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा और पूर्व सीएलपी लीडर एवं तोशाम से कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस की. इस दौरान तीनों ही नेताओं ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों को जमकर कोसा. साथ ही मीडिया को जानकारी दी गई कि जनवरी महीने से कांग्रेस संदेश यात्रा शुरू की जाएगी, जो सभी दसों लोकसभा क्षेत्रों में जाएगी और भाजपा सरकारों की पोल खोलने का काम करेगी. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं.

कुमारी शैलजा ने हुड्डा के हरियाणा में अलग-अलग डिप्टी बनाने के बयान पर कहा कि यह चुनाव के बाद तय होगा. हुड्डा को बतौर सीएम फेस को लेकर शैलजा ने कहा कि चुनाव के बाद ही प्रदेश में सीएम के चहरे पर फैसला होगा. साथ ही कहा कि कांग्रेस किसी एक परिवार की प्रॉपर्टी नहीं है.

रणदीप सुरजेवाला ने हाल ही में संसद एवं राज्यसभा से सस्पेंड किए गए विपक्षी सदस्यों को लेकर भी केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संसद को विपक्ष विहीन बना रहे हैं. यह तानाशाही नहीं तो और क्या है ? संविधान से सरेआम खिलवाड़ करके लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। अगर, जनता के चुने हुए सांसदों को ही सवाल करने का अधिकार नहीं होगा तो फिर लोकतंत्र कहां रह जाता है ? बावजूद इसके, हम आम आदमी की आवाज को उठाते रहे हैं और आगे भी पूरी मजबूती से आम आदमी की आवाज उठाते रहेंगे.

उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री और राहुल गांधी द्वारा वीडियो शूट करने संबंधी सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहा कि जब पीएम मोदी किसी का अपमान करते हैं तब ये सवाल क्यों नहीं किए जाते? तीनों ही नेताओं ने हरियामा विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि पार्टी जैसा भी आदेश देगी. उसे माना जाएगा. पार्टी से बड़ा कोई नहीं है.

शैलजा ने हरियाणा सरकार को घेरा

कुमारी शैलजा ने भी केंद्र और राज्य की मनोहर सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की. शैलजा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की बदौलत आज बेरोजगारी चरम सीमा पर है और हरियाणा अपराध में अव्वल नंबर पर पहुंच चुका है. हम लोग “कांग्रेस संदेश यात्रा” के जरिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संदेश आम आदमी तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे। यह विचारधारा की लड़ाई है और हम लोग संघर्ष जारी रखेंगे.प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तोशाम से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व सीएलपी लीडर रही किरण चौधरी ने भी राज्य की भाजपा जजपा गठबंधन सरकार पर जमकर शब्दों के बाण चलाए.

Tags: Bhupinder hooda, Haryana Congress, Haryana News Today, Rohtak News

Source link

Leave a Comment