मुफ्त चाय… क्‍या हादसों में ला पाएगी कमी? जानें क्‍या है सरकार की योजना

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भुवनेश्वर. ओडिशा के परिवहन मंत्री तुकुनी साहू ने कहा कि राजमार्गों पर ट्रकों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए राज्य सरकार ने रात में यात्रा करने वाले भारी वाहनों के चालकों को मुफ्त चाय देने की व्यवस्था करने का फैसला किया है.

अधिकतर दुर्घटनाएं राष्ट्रीय राजमार्गों पर तड़के होती हैं क्योंकि ट्रकों और अन्य भारी वाहनों के चालकों को झपकी आ जाती है. साहू ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इसलिए राज्य सरकार ने उन्हें तरोताजा रहने के लिए मुफ्त में चाय उपलब्ध कराने का फैसला किया है.

उन्होंने कहा कि सभी जिलों के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) को राजमार्गों पर सड़क किनारे होटलों और ढाबों की पहचान करने के लिए कहा गया है, जहां वाहन चालकों को रात में नींद की झपकी से बचाने के लिए मुफ्त चाय की पेशकश की जाएगी. उन्होंने कहा कि वे वहां आराम भी कर सकते हैं। ओडिशाबाइट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) अगले साल 1 से 7 जनवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान मुफ्त चाय पहल की व्यवस्था करेंगे.

भारत में सड़क दुर्घटनाएं
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा सड़क सुरक्षा पर जारी आंकड़ों के अनुसार, दुन‍ियाभर में सड़क यातायात से होने वाली मौतों की संख्‍या सालभर में पांच प्रतिशत गिरकर प्रति वर्ष 1.19 मिलियन हो गई है, लेकिन भारत में यह संख्या बढ़ी है.

भारत में सड़क दुर्घटनाएं 2022 रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2018 में सड़क दुर्घटनाओं के कारण भारत में होने वाली मौतों की संख्या 1 लाख 50 हजार 785 थी और 2021 में यह बढ़कर 1 लाख 53 हजार 792 हो गई. वहीं 2010 में यह संख्या 1 लाख 30 हजार तक पहुंच गई. पिछले साल, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने अपनी रिपोर्ट में कहा गया था कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में 2020 की तुलना में 2021 में लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. 2021 में कुल सड़क दुर्घटनाएं 4 लाख 03 हजार दर्ज की गईं, जो एक साल पहले 3 लाख 54 हजार से अधिक थीं.

(इनपुट- भाषा)

Tags: Road accident

Source link

Leave a Comment