राजस्थान: विधानसभा का पहला सत्र, विधायकों के राजस्थानी भाषा में शपथ लेने पर मचा बवाल, पढ़ें क्या हुआ?

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

हाइलाइट्स

राजस्थान विधानसभा अपडेट
पहले दिन विधायकों ने ली शपथ
कई विधायकों ने संस्कृत में ली शपथ

महेश दाधीच.

जयपुर. राजस्थान की 16वीं विधानसभा का आज पहला सत्र आहूत किया. पहले दिन प्रोटेम स्पीकर कालीचरण सराफ ने विधायकों को शपथ दिलाई. इस दौरान कई वाकये सामने आए. शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी और अंशुमान भाटी ने राजस्थानी भाषा में शपथ ले ली तो बवाल मच गया. बाद में प्रोटेम स्पीकर ने राजस्थानी भाषा को मान्यता नहीं होने के कारण उन्हें हिंदी में शपथ लेने को कहा गया. उसके बाद उन्होंने हिंदी में दोबारा शपथ ली. यूनुस खान ने संस्कृत भाषा में शपथ ली.

विधायक अंशुमान भाटी ने पूरी शपथ राजस्थानी में पढ़ दी. भाटी बोले मैंने राजस्थानी में शपथ के लिए पहले मेल किया था. राजस्थानी में शपथ शर्म की बात नहीं है. लेकिन प्रोटेम स्पीकर ने व्यवस्था दी कि राजस्थानी भाषा 8वीं अनुसूची में शामिल नहीं है इसलिए उसमें शपथ नहीं ले सकते. इस पर कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा बोले डबल इंजन की सरकार है अब तो राजस्थानी को मान्यता दिला दीजिए. जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि कोंकणी में संसद में भाषण हो चुके हैं. भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ी सीएम शपथ ले चुके हैं. इसलिए राजस्थानी में शपथ की अनुमति दी जाए. लेकिन प्रोटेम स्पीकर ने राजस्थानी में शपथ नहीं लेने दी.

यूनुस खान की शपथ के बाद कांग्रेस विधायक एवं पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि और कितनी परीक्षा लेंगे उनकी. सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा आपको क्या पीड़ा है? यूनुस खान पहले बीजेपी में थे. वे बीजेपी की पूर्ववर्ती सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं. लेकिन इस बार उन्हें टिकट नहीं मिला था. इस पर वे बागी हो गए थे. उन्होंने डीडवाना से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीते. यूनुस खान को वसुंराजे खेमे का सिपाहसालार माना जाता है.

कई विधायकों ने संस्कृत में ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई विधायकों ने संस्कृत में शपथ लेने में दिलचस्पी दिखाई. बड़ी संख्या में विधायक संस्कृत में शपथ लेते नजर आए. विधायक थावरचंद मीणा ने पुरखों को नमन करते हुए कुदरत के नाम शपथ लेना चाहा, लेकिन आसन की ओर से निर्धारित व्यवस्था में ही शपथ लेने को कहा गया. सचिन पायलट के शपथ ग्रहण करने के बाद शांति धारीवाल ने मेज थपथपाई.

विधायक बेनीवाल का माइक भी बंद कर दिया गया
विधानसभा में शपथ ग्रहण करने के बाद आरएलपी के खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने बोलने की अनुमति चाही, लेकिन आसान से प्रोटेम स्पीकर कालीचरण सराफ ने इससे इनकार कर दिया. बाद में बेनीवाल का माइक भी बंद कर दिया गया. बाद में विधानसभा की कार्यवाही को गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. शेष बचे विधायकों की शपथ अब कल होगी. कल ही विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा.

Tags: Jaipur news, Rajasthan news, Rajasthan vidhan sabha

Source link

Leave a Comment