
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा से मुकाबले के लिए बने विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की चौथी बैठक पर जेडीयू सांसद सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि यह बिना किसी गंभीर मुद्दे पर चर्चा किए खत्म हो गई. उन्होंने इसे चाय-बिस्किट वाली मीटिंग करार दिया और कहा कि बैठक में समोसा नहीं था. हालांकि इस बैठक में शामिल अन्य दलों इससे अलग बयान दिया था. कांग्रेस नेता ने इसे सफल बताया था. अब बुधवार को जेडीयू सांसद सुनील कुमार ने कहा कि इस बैठक में तमाम बड़े नेता, मुख्यमंत्री मौजूद रहे; लेकिन कोई गंभीर चर्चा नहीं हुई.
वहीं, जदयू के सूत्र बताते हैं कि नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में जब ममता बनर्जी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर आगे की तो उसके बाद ही नीतीश कुमार असहज दिखे. वहीं इसके बाद संयोजक को लेकर भी कोई चर्चा नहीं हुई, जबकि नीतीश कुमार इसके प्रबल दावेदार बताए जाते रहे थे. इसकी बड़ी वजह ये थी कि नीतीश कुमार ने ही सबसे पहले इंडिया गठबंधन की नींव डाली थी और तभी से उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती रही है. लेकिन, बावजूद इसके चौथी बैठक के बाद भी नीतीश कुमार की भूमिका को लेकर कोई चर्चा तक नहीं हुई.
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने बनाया विपक्षी गठबंधन
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ कांग्रेस के नेतृत्व में भारत में विपक्षी राजनीतिक दलों का एक गठबंधन है. इसका गठन 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से मुकाबला करने के लिए किया गया था. ‘इंडिया’ का गठन जुलाई 2023 में बेंगलुरु में एक विपक्षी दल की बैठक के दौरान किया गया था.
#WATCH | On INDIA Alliance meeting, JD(U) MP Sunil Kumar Pintu says, “In the meeting yesterday, big leaders of several parties had come for sharing in the alliance. But no discussion on the same could be done. Yesterday’s meeting was restricted to tea biscuits…because Congress… pic.twitter.com/7PCaaeUANF
— ANI (@ANI) December 20, 2023
कांग्रेस के पास फंड की कमी, वो चंदा मांग रहे
समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हाल ही में कहा था कि उनके पास फंड की कमी है और वे 138 रुपये, 1380 रुपये या 13,800 रुपये का चंदा मांग रहे हैं. अभी तक चंदा आना बाकी है. इसलिए कल की बैठक बिना समोसे के केवल चाय और बिस्कुट पर खत्म हो गई. बैठक में किसी भी गंभीर मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई.
.
Tags: Congress, JDU news, Opposition political parties
FIRST PUBLISHED : December 20, 2023, 19:47 IST





