
नई दिल्ली: उच्चतम न्यायाल में एक जनहित याचिका दायर कर 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग की गई है. लोकसभा में 13 दिसंबर को दो व्यक्ति – सागर शर्मा और मनोरंजन डी – शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए थे और इस दौरान ‘केन’ से पीला धुआं छोड़ा और नारे लगाए. दोनों को बाद में कुछ सांसदों ने पकड़ लिया था.
लगभग उसी समय, अमोल शिंदे और नीलम देवी नाम के दो लोगों ने संसद भवन परिसर के बाहर ‘तानाशाही नहीं चलेगी” के नारे लगाते हुए ‘केन’ से रंगीन धुआं छोड़ प्रदर्शन किया. पांचवें आरोपी ललित झा ने कथित तौर पर परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए.
जनहित याचिका वकील याचिकाकर्ता अबू सोहेल ने वकील श्रुति बिष्ट के माध्यम से दायर की है. याचिका में कहा गया, “13 दिसंबर को संसद के निचले सदन में बड़ी सुरक्षा चूक के मामले में उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में स्वतंत्र, विश्वसनीय और निष्पक्ष न्यायिक जांच के लिये उचित रिट, आदेश या निर्देश पारित करें.”
याचिका में उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की देखरेख में “स्वतंत्र, विश्वसनीय और निष्पक्ष” न्यायिक जांच की मांग की गई है. मामले में अलग-अलग भूमिकाओं के लिए दिल्ली पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे, नीलम देवी, ललित झा और महेश कुमावत शामिल हैं. उच्चतम न्यायालय एक जनवरी तक शीतकालीन अवकाश पर है.
बता दें कि 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में उस वक्त बड़ी चूक हुई थी, जब लोकसभा में दो संदिग्ध कूद गए थे. हालांकि, इसके बाद सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. दरअसल, दिल्ली पुलिस ने संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए अब तक छह लोगों- सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे, नीलम देवी, ललित झा और महेश कुमावत को गिरफ्तार किया है. उन पर कड़े गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
‘भगत सिंह फैन क्लब’ के जरिये ही ये आरोपी एक-दूसरे के सम्पर्क में आए थे. पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों के बैंक खाते का विवरण भी एकत्र किया है ताकि यह पता किया जा सके कि क्या उन्हें 13 दिसंबर की घटना को अंजाम देने के लिए किसी से पैसे मिले हैं. सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की विभिन्न टीम ने रविवार को आरोपियों के परिजनों से संपर्क किया और उनके बैंक खातों का विवरण इकट्ठा किया.
सूत्रों के अनुसार, नीलम देवी और सागर शर्मा की बैंक पासबुक क्रमशः हरियाणा के जींद और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में उनके आवास से जब्त किये गये. दिल्ली पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ इकाई ने आरोपी व्यक्तियों के सोशल मीडिया खाते तक पहुंचने के लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के मालिक मेटा को लिखा है और फेसबुक पेज ‘भगत सिंह फैन पेज’ जैसे सदस्यों की संख्या आदि का विवरण मांगा है. यह पेज आरोपी द्वारा बनाया गया था और बाद में हटा दिया गया.
सूत्रों ने कहा कि मेटा से आरोपियों की व्हाट्सऐप चैट साझा करने का भी अनुरोध किया गया है, क्योंकि उनके मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गए हैं. पुलिस के अनुसार, संसद सुरक्षा चूक की साजिश के ‘साजिशकर्ता’ ललित झा ने राजस्थान के नागौर में अपना मोबाइल फोन फेंक दिया और अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन जला दिए. पुलिस के अनुसार, ललित घटना के बाद वहां भाग गया था. बाद में पुलिस ने झा की निशानदेही पर टूटे और जले हुए मोबाइल फोन के टुकड़े बरामद किए। इन हिस्सों को फोरेंसिक विभाग में यह पता करने के लिए भेजा गया है कि क्या इनसे डेटा रिकवर किया जा सकता है. (इनपुट भाषा से भी)
.
FIRST PUBLISHED : December 18, 2023, 14:46 IST





