
कारगिल. लद्दाख के कारगिल में सोमवार को 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद उत्तर भारत और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में उसके झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने कहा कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 थी और यह भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजकर 48 मिनट पर आया.
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप धरती की सतह से 10 किमी की गहराई पर आया. भूकंप के झटके पाकिस्तान के इस्लामाबाद और आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए. इससे पहले रविवार को ही पाकिस्तान में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था.
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में सोमवार को 15 मिनट के भीतर तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर भूकंप के पहले झटके की तीव्रता 5.5 मापी गई और इसके बाद कम तीव्रता के दो झटके महसूस किए गए. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भी भूकंप का हल्का झटका आया.
अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप का पहला झटका अपराह्न 3.48 बजे आया और इसका केंद्र कारगिल था. भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर नीचे 33.41 डिग्री अक्षांश और 76.70 डिग्री देशांतर पर था.
एनसीएस ने बताया कि इसके बाद करीब चार बजकर एक मिनट पर 4.8 और 3.8 तीव्रता के दो और झटके महसूस किए गए. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शाम चार बजकर 18 मिनट पर 3.6 तीव्रता का भूकंप आया. भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में 33.37 डिग्री अक्षांश और 76.57 डिग्री देशांतर पर स्थित था.
.
Tags: Earthquake, Kargil
FIRST PUBLISHED : December 18, 2023, 16:07 IST





