
हाइलाइट्स
राजस्थान मौसम अपडेट
सर्दी का कहर लगातार जारी
15 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा
जयपुर. राजस्थान में सर्दी का सितम लगातार जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है. प्रदेश के तापमान में लगातार हो रही गिरावट के बाद आगामी 2 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार क्रिसमस त्योहार के आस- पास प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है. विभाग के मुताबिक 23- 24 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में अचानक से परिवर्तन आएगा और सर्दी का प्रकोप भी बढ़ जाएगा.
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक 19 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा. वहीं सर्द हवाओं के चलते कई जिलों में सुबह- शाम घना कोहरा देखने को मिल रहा है. कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है और लोग सड़क पर अपने वाहनों की लाइट जलाकर निकल रहे हैं. प्रदेश के लगभग 15 जिलों का तापमान 10 डिग्री के नीचे चला गया है. इनमें अलवर 7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ 10 डिग्री, सीकर 8.5 डिग्री, डबोक 9.2 डिग्री, संगरिया 6.3 डिग्री, जालोर 9.3 डिग्री, सिरोही 6.9 डिग्री, फतेहपुर 5.4 डिग्री, करौली 8.4 डिग्री, गंगानगर 8.5 डिग्री, धौलपुर 9.8 डिग्री, जैसलमेर 9.8 डिग्री और चूरू में 8.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है.
माउंट आबू में जमी बर्फ
राजस्थान के प्रसिद्ध हिल स्टेशन माउंट आबू में पिछले 3 दिनों से तापमान माइनस -1 डिग्री होने की वजह से बाहर खड़े वाहनों की छत और शीशों पर बर्फ जम गई है. इसके अलावा खेतों में खड़ी फसलों, घास के मैदानों और फूल पत्तियों पर ओस जम गई है. कड़ाके की सर्दी से निजात पाने के लिए शहर के लोग अलाव तापते नजर आए. फिलहाल मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिल सकती है.
श्रीगंगानगर में भी लुढ़का पारा
राजस्थान में लगातार जोर पकड़ती ठंड के बीच श्रीगंगानगर का तापमान भी 7.7 डिग्री तक पहुंच गया है. सर्दी बढ़ने की वजह से शहर में लोगों की दिनचर्या में व्यापक रूप से बदलाव देखने को मिला है. मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों की संख्या अचानक से घट गई है. इसके अलावा जैसलमेर तापमान गिरने की वजह वहां पर पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है.
.
Tags: IMD alert, Jaipur news, Latest weather news, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : December 19, 2023, 17:55 IST





