राजस्थान: स्कूली छात्राओं से भरी टाटा 407 पलटी, दर्जनों बालिकाएं हुईं घायल, 6 की हालत गंभीर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

हाइलाइट्स

अलवर में बड़ा सड़क हादसा
टाटा 407 में सवार 47 छात्राएं हुई घायल
लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के हरसाना के पास हुआ हादसा

अलवर. अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के हरसाना में आईटीआई कॉलेज के पास आज एक बड़ा हादसा हो गया. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की 47 छात्राओं को भ्रमण के लिए ले जा रही एक टाटा 407 अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 40 से अधिक बालिकाएं घायल हो गई हैं. घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. हादसे के वक्त घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने टाटा 407 में फंसी बालिकाओं को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस व 108 एम्बुलेंस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरसाना और लक्ष्मणगढ़ में भर्ती करवाया.

अस्पताल में एक साथ दर्जनों घायल बच्चियों के पहुंचते ही अफरा- तफरी का माहौल पैदा हो गया. इधर हादसे की सूचना मिलते ही घायल बालिकाओं को देखने सामुदायिक केंद्र पहुंचे उनके परिजन रोते- बिलखते नजर आए. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मणगढ़ में डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ द्वारा घायल बच्चियों का उपचार किया गया. वहीं आधा दर्जन छात्राओं की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.

वाहन चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
लक्ष्मणगढ़ थाने के एसएचओ श्रीराम मीणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली. मीणा ने बताया कि हादसे के पीछे स्कूल प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है. स्कूल प्रबंधन की ओर से 47 छात्राओं को भ्रमण के लिए बस की बजाय टाटा 407 में बैठाकर ले जाया जा रहा था. वहीं टाटा 407 में सवार छात्राओं के मुताबिक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है.

गुरुवार को सड़क हादसे में हुई थी बाइक सवार की मौत
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को अलवर के खेड़ली रोड़ पर शाम के वक्त एक ट्रेक्टर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी. दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठी मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थी. जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कठूमर निवासी राजेश जाटव के रूप में हुई थी. मृतक राजेश अपनी पत्नी के साथ खेड़ली जा रहा था इसी दौरान रास्ते में ट्रेक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी.

Tags: Alwar News, Crime News, Rajasthan news, Road accident

Source link

Leave a Comment