
नई दिल्ली. संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में गिरफ्तार किए गए छठे आरोपी महेश कुमावत को दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को 7 दिनों की पुलिस रिमांड में भेज दिया. दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट को बताया कि संसद में घुसपैठ करने की साजिश पिछले 2 साल से चल रही थी और जितनी भी मीटिंग इस मामले को लेकर हुई उनमें आरोपी महेश शामिल रहता था.
लोक अभियोजक ने आरोप लगाया कि कुमावत आरोपियों के मोबाइल फोन को नष्ट करने में शामिल था, जिसके बाद विशेष न्यायाधीश हरदीप कौर ने उसे दिल्ली पुलिस की हिरासत में भेज दिया. अभियोजक ने यह भी आरोप लगाया कि कुमावत देश में अराजकता फैलाने की साजिश में शामिल था और पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए उससे पूछताछ जरूरी है.
अदालत की तरफ से आरोपी महेश को लीगल ऐड के द्वारा वकील भी मुहैया करवाया गया. सुनवाई के दौरान महेश के वकील ने कोर्ट को बताया दिल्ली पुलिस ने उन्हें क्यों गिरफ्तार किया, यह जानकारी उनको नहीं दी गई. दिल्ली पुलिस ने आरोपी महेश की 15 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने स्पेशल सेल को महेश की 7 दिन रिमांड की मंजूरी दी.
इससे पहले, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि कुमावत को सबूत नष्ट करने और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में यह छठी गिरफ्तारी है. अधिकारी ने कहा कि महेश कुमावत मामले में एक अन्य आरोपी ललित झा के साथ थाने आया था और दोनों को विशेष प्रकोष्ठ के हवाले कर दिया गया था. झा को शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की सात दिन की हिरासत में भेज दिया गया था.
.
Tags: Delhi police, Parliament, Patiala House Court
FIRST PUBLISHED : December 16, 2023, 17:58 IST





