
हाइलाइट्स
बिहार में आने वाले दिनों में खनन पुलिस का गठन किया जाएगा.
बिहार सरकार ने इसके लिए 30 जनवरी तक मांगे हैं आवेदन.
बालू के अवैध खनन पर रोक के लिए होगा खनन पुलिस का गठन.
पटना. बिहार में बालू माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा प्रस्तावित खनन पुलिस बल के गठन की कोशिश एक बार फिर से शुरू हुई है. खनन पुलिस का गठन प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए सरकार ने 30 जनवरी तक अभ्यर्थियों से आवेदन की मांग की है. खनन पुलिस के पद नियोजन की प्रक्रिया पहली बार के लिए 6 महीने तक की होगी. अगर काम संतोषजनक पाया गया तब ऐसी स्थिति में इसका विस्तार किया जाएगा.
राज्य के अधिकांश बालू घाटों से अवैध बालू खनन होना कोई बड़ी बात नहीं है. सरकार बालू के अवैध कारोबारियों पर लगाम लगाने के लिए खनन पुलिस बल का गठन करने जा रही है. हालांकि, इसे पिछले साल प्रारंभ किया गया था, लेकिन कई कारणों से खनन पुलिस बल का गठन नहीं हो पाया था. अब एक बार फिर से बिहार माइनिंग कॉरपोरेशन ने खनन पुलिस बल के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आवेदन आमंत्रित किया है.
खनन पुलिस बल का गठन सेवानिवृत्ति सहायक पुलिस निरीक्षकों से किया जाएगा. कांट्रैक्ट बेसिस पर नियुक्त कर्मियों को मासिक मानदेय अंतिम वेतन में पेंशन की कटौती करने के बाद जो होगा, वही देय होगा. बिहार माइनिंग कॉरपोरेशन की मानें तो संविदा नियोजन के लिए अधिकतम उम्र सीमा 65 साल निर्धारित होगी. इस नियुक्ति में आरक्षण के नियमों का पूरा पालन किया जाएगा.
खनन पुलिस के जवानों को सरकार के दूसरे सेवकों की तरह पद के अनुसार, सभी शक्तियां प्रदत्त होंगी. कॉरपोरेशन से संबंधित पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन देने की तिथि 30 जनवरी 2024 निर्धारित की गई है. खनन पुलिस का मूल काम जिलों में अवैध बालू खनन के दौरान छापेमारी करना और उन पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना तय किया गया है.
.
Tags: Bihar News, Contractual jobs, Government jobs, Job and career, Nitish Government
FIRST PUBLISHED : December 16, 2023, 11:32 IST





