
नई दिल्ली: भंडारे को लेकर कई लोगों में गजब का क्रेज देखने को मिलता है. कई लोग तो कहीं जा रहे होते हैं और रास्ते में भंडारा दिख जाए तो गाड़ी रोकर भंडारा खाने लग जाते हैं. भले ही जहां वह जा रहे हैं वहां जाने में देर हो जाए. कई लोग तो भंडारे के बारे में जानते ही उस ओर भागते हैं, जहां भंडारा हो रहा हो या होने वाला हो. बैचलर लोगों के लिए तो भंडारा वरदान के समान होता है.
जरा सोचिए कि क्या हो यदि आपको देश भर में भंडारे के बारे में जानकारी प्राप्त हो जाए. वह भी उसके लाइव लोकेशन के साथ. एक ऐसा ही ऐप लॉन्च हुआ है. जिस पर आप देश भर में हो रहे भंडारे की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. भंडारा ऐप की खासियत यह है कि यह आपको देश भर में हो रहे भंडारे के बारे में तो बताएगा ही, साथ ही इसके लाइव लोकेशन के बारे में भी बताएगा. यह एक तरह का स्टार्टअप है.
पढ़ें- 2 दोस्तों का कमाल… 2.5 करोड़ से शुरू किया था ये बिजनेस, अब हर महीने हो रही 20 लाख की कमाई
भंडारा ऐप को हिमांशु जादोन नाम के शख्स ने बनाया है. हिमांशु मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं. इस ऐप का उद्देश्य यूजर को आस-पास मुफ्त भोजन ढूंढने में मदद करना है. साथ ही इसके माध्यम से वह पैसा भी कमा सकते हैं. यूजर ऐप के माध्यम से मुफ्त भोजन का पता लगा सकते हैं और उसका स्थान साझा कर सकते हैं, और बदले में वह पैसा भी कमा सकते हैं.

ऐप के भीतर एक सामुदायिक केंद्र यूजर को एकजुटता की भावना को बढ़ावा देते हुए, अपने भोजन से संबंधित तस्वीरें और विचार साझा करने की अनुमति देता है. यह ऐप अक्टूबर में लॉन्च किया गया है जो पहले से ही काफी चर्चा बटोर रहा है. यह ऐप भंडारा के स्थान खोजने को लेकर काफी उत्सुकता पैदा करता है.
.
Tags: Bhandara, Start Up, Success Story
FIRST PUBLISHED : December 13, 2023, 10:55 IST





