संसद में उठी ‘लिव-इन’ पर रोक लगाने की मांग, सांसद बोले- बर्बाद हो रही देश की संस्कृति

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नई दिल्ली: संसद के निचले सदन लोकसभा में बृहस्पतिवार को ‘लिव-इन’ पर रोक लगाने और लव मैरेज में मां-बाप की सहमति अनिवार्य करने जैसे मुद्दे उठे. भाजपा के एक सांसद ने लोकसभा में मांग उठाई कि सरकार को देश में ‘लिव-इन’ संबंधों पर रोक लगाने के लिए कानून बनाना चाहिए और प्रेम विवाहों में माता-पिता की सहमति अनिवार्य की जानी चाहिए.

हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ से लोकसभा सदस्य धर्मवीर सिंह ने निचले सदन में शून्यकाल में यह भी कहा कि देश में प्रेम विवाह बढ़ने की वजह से तलाक के मामले भी बढ़ गए हैं, वहीं ‘लिव-इन’ संबंधों के कारण ‘‘देश की संस्कृति बर्बाद हो रही है’’. सिंह ने कहा कि भारतीय समाज में पारंपरिक रूप से परिवारों द्वारा विवाह तय किए जाते रहे हैं, जिनमें लड़का और लड़की की भी सहमति रहती है. उन्होंने कहा कि ऐसे संबंधों में परिवारों की पृष्ठभूमि को भी प्राथमिकता दी जाती है.

उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में देश में अमेरिका और पश्चिमी देशों की तरह तलाक के मामले बढ़ गए हैं और इनका एक महत्वपूर्ण कारण प्रेम विवाह है. भाजपा सांसद ने कहा कि ऐसे संबंधों में बाद में झगड़े बढ़ जाते हैं और दोनों ओर के ‘खानदान’ बर्बाद हो जाते हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रेम विवाह के मामलों में लड़का और लड़की के माता-पिता तथा दोनों पक्षों की सहमति को अनिवार्य बनाया जाए.

सिंह ने कहा, ‘‘पश्चिमी देशों की तरह भारत में भी ‘लिव-इन’ संबंध जैसी सामाजिक बुराई बढ़ती जा रही है, जिसके भयावह परिणाम सामने आते हैं. इससे हमारी संस्कृति बर्बाद हो रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे ही चलता रहा तो हमें जिस सभ्यता और संस्कृति के लिए जाना जाता है, वह एक दिन समाप्त हो जाएगी.’’सिंह ने कहा कि ‘लिव-इन’ संबंधों को रोकने के लिए देश में कानून बनाया जाना चाहिए.

Tags: Loksabha

Source link

Leave a Comment