राजपूत करणी सेना के गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या, हाल में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली थी धमकी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

जयपुर. जयपुर में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर गोलियां चला दी. पुलिस के अनुसार गोगामेड़ी की बाद में अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर श्यामनगर इलाके में चार-पांच हथियारबंद गोगामेड़ी के घर में घुसे और उन्होंने उन पर गोलियां चला दीं.

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने पीटीआई से कहा, “रिपोर्ट के अनुसार चार-पांच हमलावर गोगामेड़ी के घर में घुसे और गोलियां चला दीं. गोलियां लगने से गोगामेड़ी, उनके एक गार्ड एवं एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए.” जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने इस बात की पुष्टि की कि इलाज के दौरान गोगामेड़ी की मौत हो गई.

जोसेफ ने पीटीआई को बताया, “सशस्त्र हमलावरों ने गोगामेड़ी पर गोलीबारी की. एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई. दो अन्य लोग घायल हो हुए हैं.” सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को पिछले दिनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपत नेहरा से धमकी मिली थी. उन्होंने जयपुर पुलिस को भी धमकी की जानकारी दी थी.

इस साल की शुरुआत में जून में, मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में करणी सेना का एक स्थानीय पदाधिकारी रहस्यमय परिस्थितियों में अपनी कार में गोली लगने से मृत पाया गया था. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, करणी सेना के जिला कार्यकारी अध्यक्ष 27 वर्षीय मोहित पटेल का शव कनाड़िया थाना क्षेत्र में उनकी कार में मिला था. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयंत राठौड़ ने बताया था पहली नजर में ऐसा लगता है कि उनके सीने में बिल्कुल नजदीक से दो गोलियां मारी गईं.

Source link

Leave a Comment