
Sahitya Akademi Pustakayan 2023: साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित पुस्तक मेला ‘पुस्तकायन’ के दूसरे दिन साहित्यिक कार्यक्रम ‘युवा साहिती’ का आयोजन किया गया. युवा साहिती में हिंदी, मैथिली, पंजाबी, संस्कृत और उर्दू के कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं.
हिंदी के युवा कवि शचींद्र आर्य ने अंतराल, अनुपस्थित, धौला कुंआ, नदी, कम जगह और चीडों पर चांदनी शीर्षक से कविताएं प्रस्तुत कीं. शचींद्र की कविताओं को श्रोताओं ने खूब पसंद किया. शचींद्र के बाद मैथिली की युवा कवयित्री संस्कृति मिश्र ने शरद गीत तथा अन्य रचनाएं प्रस्तुत कीं. पंजाबी के कवि गगन संधू ने अपनी तीन कविताएं और संस्कृत कवि ऋषिराज पाठक ने एक काव्य नाटिका प्रस्तुत की.
उर्दू के शायर इरशाद खान सिकंदर ने अपनी कई ग़ज़लें सुनाईं. इरशाद की ग़ज़लों जैसे – तेरी हस्ती को गुनहगार संभाले हुए हैं, इस घड़ी ख्वाब कोई सस्ता देख, मैं आदमी हूं हाशिए से पहले का, शायरी के कंठ नीले हो गए आदि को श्रोताओं की तरफ से भरपूर दाद मिली.
कार्यक्रम के आरंभ में साहित्य अकादमी के उपसचिव कृष्णा किंबहु ने सभी कवियों का स्वागत किया. सांस्कृतिक कार्यक्रम में तेरह वर्षीय मौलिक बंसल ने तबला वादन प्रस्तुत किया. उत्कर्ष झा ने राग वागेश्वरी, भजन और एक कजली सुनाई.
पुस्तक मेला में बाल पाठकों में खूब उत्साह देखने को मिल रहा है. बच्चे अपनी पसंदीदा किताबें खरीद रहे हैं और अपने प्रिय लेखकों से बात कर रहे हैं.
यह पुस्तक मेला साहित्य अकादमी परिसर में 09 दिसंबर तक चलेगा. इसमें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू व अन्य भारतीय भाषाओं के 50 स्टॉल लगे हैं. यहां राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, किताब घर, प्रभात प्रकाशन, सामायिक प्रकाशन, ओम बुक इंटरनेशनल, पैंगुइन रैंडम हाउस इंडिया, नियोगी बुक्स, इंडिया टुडे, रेख़्ता फाउंडेशन, प्रकाशन विभाग, सीसीआरटी, चिल्ड्रन बुक्स ट्रस्ट आदि के स्टॉल लगे हुए हैं. बच्चों के प्रमुख प्रकाशक एकलव्य और इकतारा के स्टॉल भी मेले में हैं. मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से सायं 8 बजे तक खुला है.
.
Tags: Hindi Literature, Hindi Writer, Literature
FIRST PUBLISHED : December 3, 2023, 12:13 IST





