
हाइलाइट्स
राजस्थान बीजेपी का संकल्प पत्र
कानून व्यवस्था और सुशासन पर रहेगा जोर
महिला, किसान, युवा और गरीब पर सरकार करेगी फोकस
जयपुर. राजस्थान में बीजेपी की सत्ता में धमाकेदार वापसी हो चुकी है. अब बीजेपी में सीएम फेस के लिए कवायद तेज हो गई है. सीएम फेस पर मुहर लगते ही सरकार का गठन होगा. उसके बाद सरकार जनता से किए गए वादों पर अपना काम शुरू करेगी. बीजेपी ने चुनाव से पहले जारी किए गए संकल्प पत्र (घोषणा-पत्र) में महिला सुरक्षा, महंगाई से राहत, बालिका शिक्षा समेत भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुशासन पर खासा जोर दिया है. बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में ऐसे कई वादे किए हैं जिन पर भरोसा करके सूबे की जनता ने कमल के निशान पर मतदान किया है.
चुनाव से करीब एक महीने पहले जारी किए गए घोषणा पत्र को बीजेपी ने संकल्प पत्र नाम दिया था. पार्टी के मुताबिक जनता से किए जा रहे ये वादे केवल घोषणा मात्र नहीं रहेंगी बल्कि ये पार्टी के संकल्प होंगे जिन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा. राजस्थान में बीजेपी के संकल्प पत्र को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सूबे के शीर्ष नेताओं के साथ जारी किया था. बीजेपी के संकल्प-पत्र से आमजन को एक नई उम्मीद दिखाई दी है. जनता ने बीजेपी पर भरोसा उसे पूर्ण बहुमत दे दिया है. अब पार्टी को संकल्प पत्र को धरातल पर उतारना है.

संकल्प पत्र में क्षेत्रों पर किया गया है फोकस
इस संकल्प-पत्र में खुशहाल किसान, सुरक्षित समाज, सशक्त महिला, उत्कृष्ट शिक्षा, समर्थ युवा, आरोग्य प्रदेश, कुशल प्रशासन, मजबूत कानून व्यवस्था, गौरवशाली विरासत, अद्वितीय पर्यटन, सबका विकास-सबका कल्याण, प्रबल अर्थव्यवस्था एवं उद्योग और सुदृढ़ आधार संरचना पर जोर दिया गया है. संकल्प-पत्र में इन सभी क्षेत्रों में भविष्य में किए जाने वाले कार्यों को अलग-अलग बिन्दुओं के माध्यम से जनता के बीच रखा गया है.
बीजेपी संकल्प-पत्र के प्रमुख बिन्दु
– किसान सम्मान निधि की राशि को बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा.
– बालिकाओं के लिए लाडो प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी.
– गरीब परिवार लड़कियों को केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी.
– 12वीं पास करने वाली मेघावी छात्राओं को फ्री स्कूटी दी जाएगी.
– महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना शुरू की जाएगी.
– आरएसी में तीन महिला बटालियन गठित की जाएगी. इनके नाम पद्मिनी, काली बाई और अमृता देवी रखा जाएगा.
– गरीब परिवार की महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा.
– महिलाओं को संबल प्रदान करने के लिए पीएम मातृ वंदना योजना शुरू की जाएगी.
– युवाओं के लिए प्रत्येक संभाग में इंस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी का शुभारंभ किया जाएगा.
– प्रमुख शहरों में एंटी रोमियो स्कवॉड का गठन किया जाएगा.
– आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और किताबों के लिए प्रतिवर्ष 1200 रुपये दिए जाएंगे.
– ढाई लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जाएंगी.
– स्वास्थ्य के लिए भामाशाह हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन शुरू किया जाएगा.
– प्रत्येक संभाग में राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की स्थापना की जाएगी.
– 15000 डॉक्टर और 20 हजार पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी.
– पेपर लीक मामलों के लिए स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम का गठन किया जाएगा.
– किसानों की जमीन नीलाम ना हो इसके लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा.
– गैंगवार को खत्म करने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा.
– पारदर्शी ट्रांसफर पॉलिसी लागू की जाएगी.
– मुख्यमंत्री आवास योजना शुरू की जाएगी.
– वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाकर प्रतिमाह 1500 रुपये की जाएगी.
.
Tags: Jaipur news, Rajasthan bjp, Rajasthan elections, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : December 4, 2023, 14:35 IST





