
हाइलाइट्स
राजस्थान चुनाव रिजल्ट 2023
चित्तौड़गढ़ जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस की हार
जिले की 5 सीटों में 4 बीजेपी और 1 पर निर्दलीय की जीत
चित्तौड़गढ़. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में चित्तौड़गढ़ जिले की 5 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का सफाया हो गया. यहां 4 सीटों पर भाजपा और 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हांसिल की है. निम्बाहेड़ा सीट से भाजपा के श्रीचंद कृपलानी ने कांग्रेस के उदयलाल आंजना, बड़ीसादड़ी से भाजपा के गौतम दक ने कांग्रेस के बद्रीलाल जाट, कपासन से भाजपा के अर्जुन लाल जीनगर ने कांग्रेस के शंकरलाल बैरवा व बेंगू से सर्वाधिक मतों से विजयी रहे भाजपा के डॉ. सुरेश धाकड़ ने कांग्रेस के राजेंद्र सिंह विधूड़ी को करारी शिकस्त देकर भाजपा का परचम लहराया है.
बड़ी सादड़ी विधानसभा सीट से भाजपा के गौतम दक ने कांग्रेस के बद्रीलाल जाट को 11 हजार 832 मतों से हराया है. जिले का बेंगू विधानसभा क्षेत्र, क्षेत्रफल की दृष्टि से संभवतः राजस्थान का सबसे बड़ा क्षेत्र है, जहां भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेश धाकड़ ने कांग्रेस के राजेंद्र सिंह विधूड़ी को रिकॉर्ड 50 हजार 661 मतों से मात दी है. वहीं चित्तौड़गढ़ सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रभान सिंह आक्या ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह जाड़ावत को हरा दिया है.
निम्बाहेड़ा सीट पर नहीं बदला रिवाज
चित्तौड़गढ़ की निम्बाहेड़ा विधानसभा सीट पर पिछले कई चुनावों से एक बार कांग्रेस तो एक बार बीजेपी के जीतने का रिवाज चला आ रहा है. वह इस बार भी जारी रहा. यहां भाजपा के श्रीचन्द कृपलानी और कांग्रेस के उदयलाल आंजना के बीच हुए मुकाबले में बीजेपी प्रत्याशी ने बाजी मारी है. दोनों के बीच कांटे की टक्कर में कृपलानी 3 हजार 845 मतों से विजयी हुए. इसके अलावा कपासन सीट से भाजपा के अर्जुन लाल जीनगर ने कांग्रेस के शंकर लाल बैरवा को 21 हजार 344 मतों से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई.
जाड़ावत ने कहा था यह आखिरी चुनाव
चित्तौड़गढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह जाड़ावत को टिकट नहीं मिलने की खबरों को लेकर उनके कार्यकर्ताओं ने काफी विरोध प्रदर्शन किया था. लेकिन जब पार्टी ने उनके टिकट की घोषणा की तो उन्होंने इस बात का ऐलान किया था कि यह उनका आखिरी चुनाव है. वहीं बीजेपी से चंद्रभान सिंह आक्या का टिकिट कटने के बाद जाड़ावत अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थे. लेकिन चुनाव परिणाम के बाद उन्हें निराशा हाथ लगी है.
.
Tags: 5 State Assembly Elections in 2023, Chittorgarh news, Rajasthan elections, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : December 4, 2023, 15:23 IST





