‘आयुर्वेदिक कफ सिरप’ से तलब मिटाते थे शराब के आदी लोग, 6 लोगों की हुई मौत, पुलिस ने 7 को किया गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सूरत. गुजरात के खेड़ा जिले में एक आयुर्वेदिक कफ सिरप पीने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में कथित संलिप्तता के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि कफ सिरप मामले को लेकर सूरत में 7 जगहों पर छापेमारी की गई और कुल 2195 बोतलें जब्त की गईं.

सूरत के डीसीपी, एसओजी राजदीप नकुम ने कहा, ‘खेड़ा में आयुर्वेदिक सिरप पीने से छह लोगों की मौत की घटना के बाद, यह कफ सिरप बेचने वालों को पकड़ने के लिए पूरे गुजरात में पुलिस ने छापेमारी की थी. इसके बाद सूरत पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को बड़ी सफलता मिली है और उसने 2195 बोतलें जब्त की हैं.’

पुलिस अधिकारियों ने आगे बताया कि गोदादरा में एक, कापोद्रा में दो, वराछा में दो, पूना में एक और अमरोली इलाके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. डीसीपी नकुम ने कहा, ‘जब्त किए गए सिरप में अल्कोहल की मात्रा की जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा जब्त किए गए सभी सिरप की एफएसएल रिपोर्ट सौंपने के बाद जांच शुरू की जाएगी.’ फिलहाल मामले में आगे की जांच चल रही है.

बता दें कि गुजरात में शराब बैन है और ऐसे में शराब के आदी लोग कभी-कभी ऐसे कप सिरप का दुरुपयोग करते हैं. यहां खेड़ा जिले में नडियाड शहर के पास बिलोदरा गांव में एक दुकानदार ने 50 लोगों को ‘कालमेघसव- आसव अरिष्ट’ नामक आयुर्वेदिक सिरप बेचा था. इस सिरप में कथित तौर पर मिथाइल अल्कोहल मिला हुआ था, जो कि काफी जहरीला होता था.

Tags: Alcohol Death, Gujarat news

Source link

Leave a Comment