
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना इतिहास बनाने के लिए तैयार है. नौसेना ने लेफ्टिनेंट कमांडर प्रेरणा देवस्थली को युद्धपोत की कमान संभालने वाली पहली महिला अधिकारी नियुक्त किया है. भारतीय नौसेना ने यह फैसला जाति, पंथ, धर्म और लिंग की परवाह किए बिना सभी कर्मियों को अवसर प्रदान करने के भारतीय सशस्त्र बल के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए किया है.
जी न्यूज की एक रिपोर्ट के अऩुसार प्रेरणा देवस्थली, फिलहाल युद्धपोत आईएनएस चेन्नई पर प्रथम लेफ्टिनेंट के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पश्चिमी बेड़े के कमांडर रियर एडमिरल प्रवीण नायर ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया है. उन्हें भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े में वॉटरजेट एफएसी आईएनएस ट्रिंकट के कमांडिंग ऑफिसर के रूप में चुना गया है.
लेफ्टिनेंट कमांडर प्रेरणा को एक अन्य टोही विमान, पी8आई पर अपनी सेवा के बाद, समुद्री टोही विमान टुपोलेव टीयू-142 पर पहली महिला पर्यवेक्षक होने का गौरव प्राप्त हुआ है. नौसेना की यह घोषणा महिला कर्मियों के लिए ‘सभी भूमिकाएं-सभी रैंक’ दर्शन के प्रति भारतीय सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता के अनुरूप है.
Lt Cdr Prerna Deosthalee, First Lt #INSChennai, on being selected as Commanding Officer of Waterjet FAC #INSTrinkat, was presented the appointment letter by #FOCWF RAdm Praveen Nair.
She would be the first woman officer of @indiannavy to command an Indian Naval Warship@IN_WNC pic.twitter.com/mPTS1UjpNd— The Sword Arm (@IN_WesternFleet) December 2, 2023
मुंबई में हुई है पढ़ाई
मूल रूप से मुंबई की रहने वाली और कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी से पढ़ाई करने वाली लेफ्टिनेंट कमांडर प्रेरणा देवस्थली ने सेंट जेवियर्स कॉलेज से मनोविज्ञान में एमए किया है. 2009 में भारतीय नौसेना में शामिल हुईं प्रेरणा एक नौसैनिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके भाई भी नौसेना में कार्यरत हैं. प्रेरणा की शादी एक नौसेना अधिकारी से हुई है. प्रेरणा तीन साल की एक बेटी की मां हैं.
.
Tags: Indian navy, Indian Navy officer, Warship
FIRST PUBLISHED : December 4, 2023, 09:26 IST





