Chhattisgarh Exit Polls 2023: छत्‍तीसगढ़ में बीजेपी फिर सत्‍ता से दूर, कांग्रेस की बनती दिख रही सरकार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नई दिल्‍ली. पांच राज्‍यों में विधानसभा चुनाव संपन्‍न होने के बाद शाम साढ़े 5 बजे से एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं. न्‍यूज18 ‘टारगेट महापोल’ के सर्वे के अनुसार छत्‍तीसगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है. सीएम भूपेश बघेल के सिर ताज सज सकता है. सरकार बनाने के लिए कुल 90 में से 46 सीटों की दरकार है. कांग्रेस के पास 49 सीट आती नजर आ रही है.

‘जन की बात’ एग्जिट पोल भी छत्‍तीसगढ़ में बीजेपी से बेहद कड़ी टक्‍कर के बाद कांग्रेस के भुपेश बघेल को सत्‍ता की चाबी देता दिखाई दे रहा है. इस पोल में कांग्रेस को 47, बीजेपी को 40 और अन्‍य को 3 सीटें दी जा रही हैं. बीजेपी की स्थिति भी राज्‍य में ज्‍यादा कमजोर नहीं है. ‘एक्‍सेस मॉय इंडिया’ के एग्जिट पोल में कांग्रेस पार्टी सत्‍ता से महज एक सीट पीछे नजर आ रही है. छत्‍तीसगढ़ में सरकार बनाने के 46 सीटों की दरकार है. इस पोल में कांग्रेस को 45, बीजेपी को 41 और अन्‍य को चार सीटें दी गई हैं.

सी-वोटर के सर्वे में कांग्रेस को 47, बीजेपी को 42 और अन्‍य को एक सीट दी है. इसी तर्ज पर सीएनएक्‍स के एग्जिट पोल में बीजेपी को 51, कांग्रेस को 35 और अन्‍य को चार सीटें दी गई है. मैट्रिज़ ने कांग्रेस को 49, बीजेपी को 39 और अन्‍य को दो सीटें दी हैं. टुडेज चाणक्य के पोल में कांग्रेस को सर्वाधिक 57 और बीजेपी को बाकी बची 33 सीटें दी हैं. किसी भी पोल में बीजेपी को सत्‍ता की दहलीज पर पहुंचते हुए नहीं दिखाया गया है. ईटीजी एक एग्जिट पोल में  कांग्रेस को 52, बीजेपी को 36 और अन्‍य को दो सीटें दी गई हैं.

यह भी पढ़ें:- Exit Poll 2023 Live: जन की बात एग्जिट पोल में राजस्थान में बीजेपी की सरकार, मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर

छत्‍तीसगढ़ में मौजूदा वक्‍त में कांग्रेस की सरकार है. यहां 90 में से 20 सीटों के लिए सात नवंबर को पहले चरण का मतदान हुआ था, जबकि 17 नवंबर को 70 सीटों के लिए दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान संपन्न हुआ था. छत्‍तीसगढ़ में पहले चरण में 78 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं दूसरे चरण के दौरान 75.08 प्रतिशत वोटिंग हुई. पिछले चुनाव में कांग्रेस को छत्‍तीसगढ़ विधानसभा में 68 सीट मिली थीं. भाजपा 15 सीट पर सिमट कर रह गई थी. उस चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को पांच और बसपा को दो सीट मिली थी. कांग्रेस के पास फिलहाल 71 विधायक हैं. कांग्रेस इस राज्‍य में बीजेपी के 15 साल के शासन को समाप्‍त करते हुए सत्‍ता में आई थी.

Tags: Bhupesh Baghel, Chhattisgarh Assembly Elections, Chhattisgarh news, Exit poll

Source link

Leave a Comment