
हाइलाइट्स
ठग सुकेश चन्द्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडीज को उसके सभी राज खोलने की धमकी दी.
सुकेश की जैकलीन की कॉल रिकॉर्डिंग, फाइनेंशियल डिटेल, स्क्रीन शॉट जारी करने की धमकी.
जैकलीन ने दावा किया कि सुकेश ने उसे लॉन्ड्रिंग केस में फंसाया था.
नई दिल्ली. 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में मुख्य आरोपी ठग सुकेश चन्द्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) ने अब बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) को उसके सभी दबे राज खोलने की धमकी दी है. जैकलिन फर्नांडीज ने दिल्ली हाईकोर्ट से इस मामले में उनके खिलाफ आरोपों को झूठा बताते हुए उन्हें हटाने के लिए अपील की थी. इसके बाद सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडीस के आरोपों और जेल प्रशासन को उसके पत्र लिखने से रोक लगाने की मांग पर फिर से एक चिट्ठी लिखी. इस बार सुकेश ने जैकलीन से हुई बातचीत, कॉल रिकॉर्डिंग, फाइनेंशियल डिटेल और स्क्रीन शॉट जारी करने की धमकी दी.
इससे पहले मनी लॉन्ड्रिंग मामले (200 Crore Money Laundering Case) में आरोपी जैकलीन ने अपनी अपील में दावा किया कि सुकेश ने उसे फंसाया था. जैकलीन ने हाल ही में सुकेश की धमकी से सुरक्षा की मांग करते हुए दिल्ली की एक अदालत का रुख किया था. सुकेश ने जैकलीन का नाम लिए बिना एक ताजा पत्र में कहा कि वह इस शख्स की असलियत को उजागर करेगा और चैट, स्क्रीनशॉट, रिकॉर्डिंग आदि सहित सभी अनदेखे सबूतों को उजागर कर देगा. सुकेश ने कहा कि ‘उस शख्स’ ने उसे शैतान बना दिया है. इसलिए उसके पास उसकी असलियत को उजागर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है.
सुकेश ने कहा कि वह उन पैसे के उन सभी विदेशी लेनदेन और निवेश का खुलासा करेगा, जिन्हें उसने ‘इस शख्स की सुरक्षा’ के लिए अब तक गोपनीय रखा था. सुकेश ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने जौकलीन के एक प्रमुख प्रतिस्पर्धी से आगे निकलने के लिए उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बढ़ाने के लिए कई मिलियन डॉलर का भुगतान किया था. सुकेश ने अपने पत्र में कहा कि वह अब कानून के मुताबिक हर सबूत को उजागर करने के लिए हर संभव कोशिश करेगा.

सुकेश ने कहा कि दुनिया को सच्चाई और असलियत जानने की जरूरत है. उसने लिखा कि ‘टूटे हुए दिल के साथ मैंने फैसला किया है कि वह आहत, स्तब्ध या शांत नहीं रहेगा, किसी को यह पता चलना चाहिए कि सच्चाई बहुत ताकतवर है.’ सुकेश ने कहा कि वह ‘अब तक सदमे में था, क्योंकि आप किसी की रक्षा करते हैं, वे पलट जाते हैं, आपकी पीठ पर जोरदार वार करते हैं, क्योंकि वे सोचते हैं कि अब वे सुरक्षित हैं. वे खुद को पीड़ित के रूप में दिखाते हैं और दोषारोपण का खेल शुरू करते हैं, और कहते हैं देखो देखो यहां शैतान, बुरा आदमी है.’
.
Tags: Jacqueline fernandez, Money Laundering, Money Laundering Case, Sukesh Chandrashekhar
FIRST PUBLISHED : December 22, 2023, 13:46 IST





