
नई दिल्ली. आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों और कार्यक्रमों की रुपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहले दिन की बैठक यहां स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय (विस्तार) में खत्म हो गई. सूत्रों ने बताया कि क़रीब साढ़े 5 घंटे तक चली इस बैठक में बीजेपी महामंत्री विनोद तावड़े ने पहला विषय रखा कि लोकसभा चुनाव में 10% वोट बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर काम करना है.
इस पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “यदि हमारी योजनाएं गरीब, युवा, किसान और महिलाओं तक सही तरीक़े से पहुंच जाएंगी तो, इससे हमें वोट बढ़ाने में काफ़ी सहायता मिलेगी. इसके लिए जिन राज्यों में भारत विकसित यात्राएं निकल रही हैं उन पर फ़ोकस किया जाए.”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “नए मतदाताओं को यूपीए सरकार और एनडीए सरकार के अंतर समझाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. बीजेपी के फ़ेवर में वोट बढ़ाने के लिए बूथ मैनेजमेंट पर फ़ोकस करना चाहिए.” इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के बूथ मैंनेजमेंट का उदाहरण दिया.
पीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, “बूथ मैनेजमेंट को पार्टी पदाधिकारी चुनौती के तौर पर लें. संगठन शक्ति से ही जीत मिलती है, इसलिए पूरी तैयारियों के साथ जनता के बीच में जाएं.”
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को कहा, “चार जातियों पर काम करें. गरीब, किसान, युवा और महिला. ज्यादा खेल कूद प्रतियोगिता कराएं ताकि उनसे और तार जुड़ें. नकारात्मकता को सकारात्मकता से करें. सारे कार्य अब मिशन मोड में करें. सोशल मीडिया कैम्पेन में आक्रामक रहें.” बैठक के दौरान ‘विकसित भारत संपर्क यात्रा’ की समीक्षा भी की गई.
इसके बाद दूसरा विषय राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने रखा, जिसके तहत ‘विकसित भारत यात्रा’ सहित अलग अलग चलाई जा रही योजनाओं का फ़ीड बैक राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों के द्वारा रखा गया.
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब बैठक में भाग लेने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उनका स्वागत किया. संसद का शीतकालीन सत्र निर्धारित अवधि से एक दिन पहले समाप्त होने के अगले ही दिन नड्डा की अध्यक्षता में यह बैठक हो रही है. भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और विनोद तावड़े ने बैठक स्थल पर नड्डा का स्वागत किया.
.
Tags: 2024 Lok Sabha Elections, BJP, Narendra modi
FIRST PUBLISHED : December 22, 2023, 23:42 IST





