
जयपुर. कोरोना वायरस के नए वैरिएंट के फैलाव को देखते हुए देशभर का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है. केंद्र की ओर से भी इसको लेकर एडवायजरी जारी की गई है. इन सबके बीच, राजस्थान की राजधानी जयपुर में COVID-19 के 2 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं. इससे हड़कंप मच गया है. कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 के फैलाव को देखते हुए सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. नए वैरिएंट के फैलने के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटा जा सके. आमलोगों को मास्क लगाने की भी सलाह दी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के अधीन आने वाले दो हॉस्पिटल्स में दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. इनमें से एक मरीज भरतपुर का है और दूसरा झूंझुनू का रहने वाला बताया गया है. जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों संक्रमितों को तत्काल आइसोलेट कर दिया गया है, ताकि उनके संपर्क में आने वाले कोई और व्यक्ति संक्रमित न होने पाए. बता दें कि कोरोना के नए वैरिएंट के सामने आने के बाद केंद्र और राज्य स्तर से संबंधित विभागों को अतिरिक्त सावधानी बरतने का निर्देश जारी किया गया है.

राजस्थान में बैठक
कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट मोड में है. केंद्र की तरफ से मिले निर्देशों की पालना को लेकर राजस्थान में भी बैठक की गई है. एसीएस (मेडिकल) शुभ्रा सिंह ने बैठक ली है. चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिवप्रसाद नकाते, RMSCL की MD अनुपमा जोरवाल, निदेशक जनस्वास्थ्य रवि प्रकाश माथुर, अतिरिक्त निदेशक रवि प्रकाश शर्मा समेत चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारियों ने इस बैठक में शिरकत की.
JN.1 के मामले
एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीते दो हफ्तों में कोरोना वायरस के जो भी सैंपल लिए गए, उन सबमें JN.1 की मौजूदगी पायी गई है. भारत के कोविड-19 जीनोमिक सिक्वेंसिंग कंसोर्टियम INSACOG द्वारा बुधवार को अपलोड किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में एकत्रित किए गए सभी सैंपल में नए सब-वेरिएंट JN.1 के लक्षण पाए गए हैं. इसे देखते हुए अतिरिक्त सतर्कत बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं.
.
FIRST PUBLISHED : December 21, 2023, 09:48 IST





