
नई दिल्ली. लोक सभा से गुरुवार (21 दिसंबर को ) को तीन और सांसद निलंबित किए गए हैं. इसमें नकुल नाथ, डी के सुरेश, दीपक बैज शामिल हैं. वहीं, लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चिकाल के लिए स्थगित कर दी गई है. इससे पहले लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने सदन की अवमानना के मामले में बुधवार (20 दिसंबर) को 2 और सांसदों को निलंबित कर दिया था. इनमें कांग्रेस सांसद सी थॉमस और CPIM के एएम आरिफ शामिल हैं. इसके साथ ही संसद के दोनों सदनों से निलंबित किए गए सांसदों की संख्या 146 हो गई है.
सांसदों के निलंबन की शुरुआत पिछले हफ्ते संसद की सुरक्षा में हुई चूक के बाद हुई थी. सबसे पहले 14 दिसंबर को लोकसभा के 13 और राज्यसभा से 1 सांसद को सस्पेंड किया गया था. इसके बाद 18 दिसंबर को लोकसभा के 33 और राज्य सभा के 45 सांसद निलंबित हुए. यह सिलसिला यहीं नहीं रुका और 19 दिसंबर को 49 और सांसद निलंबित हो गए थे. लोकसभा में तख्तियां दिखाने और सदन की अवमानना करने को लेकर मंगलवार को फारूक अब्दुल्ला, शशि थरूर, मनीष तिवारी और सुप्रिया सुले सहित 49 और विपक्षी सदस्यों को संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था.
संसदीय कार्य मंत्री ने साधा विपक्ष पर निशाना
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सर्वसम्मति से स्वीकृत हुआ था कि कोई सदस्य सदन के अंदर ‘प्लेकार्ड’ या तख्ती नहीं लाएंगे, उसके बावजूद सांसद आसन का, सदन का और जनादेश का अपमान कर रहे हैं. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में इनका जो हाल हुआ है, उसकी हताशा के कारण ऐसा कदम उठा रहे हैं. जोशी ने कहा, ‘‘अगर आप ऐसे ही करते रहे तो अगले चुनाव के बाद आप भी यहां नहीं आ पाएंगे.’

सांसदों के निलंबन पर इंडिया महागठबंधन के सांसदों ने मार्च किया
सांसदों के निलंबन के विरोध में इंडिया महागठबंधन के सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक मार्च निकाला. कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारा प्रदर्शन सरकार के नीति के खिलाफ है. साथ ही उन्होंने सवाल किया कि सरकार संसद सुरक्षा चूक मामले पर चर्चा क्यों नहीं करना चाहती है.
.
Tags: Loksabha, Parliament, Parliament house, Suspended
FIRST PUBLISHED : December 21, 2023, 15:33 IST





