
नई दिल्ली. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अपमान के मसले पर राहुल गांधी की तरफ से बयान सामने आया है. राहुल गांधी ने कहा कि अपमान किसने और कैसे किया? सांसद संसद परिसर में बैठे थे, मैंने उनका वीडियो शूट किया. हमारे 150 सांसदों को बाहर कर दिया गया, लेकिन मीडिया में उस पर कोई चर्चा नहीं हुई. अडानी, राफेल और बेरोजगारी पर कोई चर्चा नहीं. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि संसद की सुरक्षा चूक की घटना के पीछे का कारण बेरोजगारी और महंगाई हैं. सुरक्षा चूक की घटना के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत की.
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक के बाद उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा में चूक हुई है, लेकिन यह क्यों हुई? सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है, जिसे लेकर पूरे देश में उबाल है.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के कारण हिंदुस्तान के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है. ‘ सुरक्षा में चूक जरूर हुई है, लेकिन इसके पीछे कारण बेरोजगारी और महंगाई हैं.”
यह भी पढ़ें:- कोरोना की आहट से दलाल स्ट्रीट ने लिया यू-टर्न, सेंसेक्स 931 अंक फिसला, निवेशकों के ₹9.32 लाख करोड़ डूबे
बाद में राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नौकरियां कहां हैं? युवा हताश हैं – हमें इस मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना है, युवाओं को नौकरी देनी है. सुरक्षा चूक ज़रूर हुई है, मगर इसके पीछे का कारण देश का सबसे बड़ा मुद्दा – बेरोज़गारी है.’’ भारतीय जनता पार्टी के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं को संसद की सुरक्षा में चूक की घटना में शामिल लोगों के कांग्रेस, टीएमसी और माकपा के साथ घनिष्ठ संबंधों के बारे में बताना चाहिए. राहुल गांधी को, विशेष रूप से उस असीम सरोदे के साथ अपने संबंधों को स्पष्ट करना चाहिए, जो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का हिस्सा थे और संसद में घुसने वालों को कानूनी सहायता प्रदान करने की पेशकश की है.’’
.
Tags: Hindi news, Parliament Winter Session, Rahul gandhi
FIRST PUBLISHED : December 20, 2023, 15:22 IST





