
एयर इंडिया एक्सप्रेस 30 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी से अयोध्या के लिए अपनी उद्घाटन उड़ान का परिचालन करेगी. एयरलाइन 16 जनवरी से इस मार्ग पर निर्धारित दैनिक सेवाएं शुरू करेगी. अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विस्तारित रनवे है जो ए-321/बी-737 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त है.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बुधवार को बयान में कहा कि उद्घाटन उड़ान आईएक्स 2789 30 दिसंबर को दिल्ली से 11.00 बजे रवाना होगी और 12.20 बजे अयोध्या में उतरेगी. अयोध्या से, आईएक्स 1769 उड़ान दिल्ली के लिए 12.50 बजे रवाना करेगी और 2.10 बजे पहुंचेगी.
एयरलाइन के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने कहा, ‘‘एयर इंडिया एक्सप्रेस हवाई अड्डे के खुलने के तुरंत बाद अयोध्या से परिचालन शुरू करने को लेकर उत्साहित है. यह देशभर के दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों से संपर्क बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है.’’ एयर इंडिया की अनुषंगी कंपनी प्रतिदिन 300 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। इसके पास 59 विमानों का बेड़ा है.
प्राण प्रतिष्ठा से पहले तोहफा
आपको बता दें कि अयोध्या में अगले महीने 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होनी है. इससे पहले एयर एंडिया ने तोहफा दिया है. समारोह में देश-दुनिया के नामी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. एक दिन पहले ही विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को अगले महीने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था.

बाद में कुमार ने एक बयान में कहा कि आडवाणी और जोशी दोनों ने कहा है कि वे 22 जनवरी को होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए ‘‘हर संभव प्रयास’’ करेंगे. इससे एक दिन पहले, राम मंदिर ट्रस्ट ने सोमवार को कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के अगुवा रहे आडवाणी और जोशी के अपने स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों के चलते अगले महीने होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है.
.
Tags: Ayodhya, Ayodhya Airport
FIRST PUBLISHED : December 20, 2023, 15:32 IST





