
हिंदी के वरिष्ठ कथाकार संजीव को इस वर्ष के साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया है. साहित्य अकादमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने आज रवींद्र भवन स्थित साहित्य अकादमी भवन में इस वर्ष के साहित्य अकादमी पुरस्कार 2023 के विजेताओं की घोषणा की. इस साल 24 भारतीय भाषाओं में 9 कविता संग्रह, 6 उपन्यास, 5 कहानी संग्रह, तीन निबंध और एक आलोचना की पुस्तक को पुरस्कार के लिए चुना गया है.
साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में हुई कार्यकारी मंडल की बैठक में पुरस्कारों के लिए चयनित कृतियों का अनुमोदन किया गया. डॉ. के. श्रीनिवासराव ने बताया कि हिंदी भाषा के लिए चयन समिति में प्रसिद्ध साहित्यकार नासिरा शर्मा, रामजी तिवारी और लीलाधर जगूड़ी ने पुरस्कार के लिए कृति का चयन किया है. संजीव का उपन्यास ‘मुझे पहचानो’ सेतु प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है.
अंग्रेजी भाषा में नीलम शरण गौर के उपन्यास रेक्युम इन रागा जानकी, संस्कृत में अरुण रंजन मिश्र के कविता संग्रह शून्ये मेघगानम्, उर्दू भाषा के लिए सादिक़ा नवाब सहर के उपन्यास ‘राजदेव की अमराई’ को पुरस्कार के लिए चुना गया है. अन्य भाषाओं की बात करें तो डोगरी भाषा के लिए विजय वर्मा, गुजराती के लिए विनोद जोशी, कश्मीरी के लिए मंशूर बनिहाली, मणिपुरी भाषा के लिए सोरोख्खैबम गंभिनी, ओड़िया भाषा के लिए आशुतोष परिडा, पंजाबी के लिए स्वर्णजीत सवी, राजस्थानी के लिए गजेसिंह राजपुरोहित, सिंधी के लिए विनोद आसुदानी की कृतियों को चुना गया है. इन सभी को कविता संग्रह के लिए पुरस्कृत किया जाएगा. उपन्यास के लिए बांग्ला भाषा में स्वपनमय चक्रबर्ती, मराठी में कृष्णात खोत और तमिल में राजशेखरन को चुना गया है.

कहानी संग्रह में असमिया भाषा के लिए प्रणवज्योति डेका, बोडो में नंदेश्वर दैमारि, कोंकणी में प्रकाश एस. पर्येंकार, संताली भाषा के लिए तारासीन बासकी और तेलुगु के लिए टी. पतंजलि शास्त्री को सम्मानित किया जाएगा. निबंध में बात करें तो कन्नड भाषा के लिए लक्ष्मीशा तोल्पडि, मैथिली में बासुकीनाथ झा, नेपाली में युद्धवीर राणा की कृतियों का चुना गया है. आलोचना के लिए मलयालम में ई.वी. रामकृष्णन की कृति को साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा.

पिछले साल बद्री नारायण के तुमड़ी के शब्द को मिला सम्मान
पिछले वर्ष बद्री नारायण के कविता संग्रह ‘तुमड़ी के शब्द’ को यह पुरस्कार दिया गया था. हिंदी भाषा के लिए पहली बार माखन लाल चतुर्वेदी को उनके काव्य ‘हिमतरंगिनी’ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किया गया था.
.
Tags: Books, Hindi Literature, Hindi Writer, Literature
FIRST PUBLISHED : December 20, 2023, 15:35 IST





