
हाइलाइट्स
राजस्थान विधानसभा अपडेट
शॉर्ट नोटिस पर सत्र बुलाने पर टीका टिप्पणी
जयपुर. राजस्थान की 16वीं विधानसभा का के पहले सत्र की आज शुरुआत हुई. दो दिन के इस संक्षिप्त सत्र में केवल नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा. लेकिन विधानसभा के पहले ही दिन आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया. महज 23 घंटे के शॉर्ट नोटिस पर विधानसभा का सत्र बुलाने को लेकर कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने बीजेपी पर तंज कस दिया. उन्होंने कहा कि सदन कोई भजन मंडली नहीं है. इस पर बीजेपी बिफर गई और उसने इसे सनातन का अपमान बताया.
राजस्थान विधानसभा में आज शुरुआत के साथ ही हंगामा हो गया. दरअसल कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने अचानक सदन बुलाने पर आपत्ति जताई. धारीवाल ने कहा कि सदन में पहले राज्यपाल का अभिभाषण होता है. उन्होंने कहा कि ये सदन कोई भजन मंडली नहीं है. इस पर बीजेपी ने आपत्ति दर्ज कराई.

प्रोटेम स्पीकर बोले सदन नियमानुसार ही बुलाया गया है
प्रोटेम स्पीकर कालीचरण सराफ ने कहा कि पहले सदस्यों को शपथ दिलाई जाती है. फिर राज्यपाल का अभिभाषण होता है. उन्होंने कहा सदन नियमानुसार ही बुलाया गया है. शांति धारीवाल के इस बयान पर बीजेपी के जयपुर के हवा महल से विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा ये सनातन का अपमान है.
शपथ लेने के दौरान भी हुई थी नोकझोंक
उल्लेखनीय है कि विधायकों के शपथ लेने के दौरान भी नोकझोंक हो गई थी. शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी और कोलायत विधायक अंशुमान भाटी जब राजस्थानी भाषा में शपथ ली तो आसन से आपत्ति जताई गई. उन्होंने कहा कि राजस्थानी भाषा आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं है लिहाजा उसमें शपथ नहीं ली जा सकती है. इस पर कांग्रेस विधायक गोविंद डोटासरा ने तंज कसा कि अब तो डबल इंजन की सरकार है राजस्थानी भाष को मान्यता दिला दीजिए. विधानसभा का यह सत्र 21 दिसंबर तक चलेगा. 21 दिसंबर को शेष बचे विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी.
.
Tags: Jaipur news, Rajasthan news, Rajasthan Politics, Rajasthan vidhan sabha
FIRST PUBLISHED : December 20, 2023, 19:22 IST





