India Alliance Meeting: राहुल गांधी के PM उम्‍मीदवार के नाम पर क्‍यों नहीं हुई चर्चा? क्या विपक्षी नेताओं को है ऐतराज?

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से मुकाबला करने की रणनीति तैयार करने के लिए मंगलवार को चौथी बैठक की, जिसमें तृणमूल कांग्रेस सहित 28 पार्टियों ने सीट-बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए 31 दिसंबर की समय-सीमा रखी है. इंड‍िया की इस बैठक के दौरान प्रधानमंत्री पद उम्मीदवारी के लिए राहुल गांधी के नाम पर चर्चा तक नहीं हुई. क्‍या विपक्षी नेताओं को राहुल के नाम पर ऐतराज है.

पश्‍च‍िम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने गठबंधन के प्रधानमंत्री उम्‍मीदवार कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम आगे क‍िया तो आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इसका समर्थन क‍िया. इतना ही नहीं केजरीवाल ने इसका पुरजोर रूप से प्रस्ताव का समर्थन क‍िया और कहा कि ऐसा तुरंत किया जाना चाहिए. इससे देश को पहला दलित प्रधानमंत्री चुनने का मौका भी मिलेगा. कुछ और विपक्षी राजनीतिक दलों ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया. आपको बता दें क‍ि अब से पहले भी जब कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात हुई है तो ममता बनर्जी ने कभी भी राहुल गांधी के नाम पर समर्थन जाह‍िर नहीं क‍िया है.

वहीं सूत्रों का कहना है कि ममता बनर्जी के प्रस्ताव पर अरविंद केजरीवाल के समर्थन और अन्य नेताओं की भी सहमति अचानक नहीं हुई. गठबंधन की बैठक से पहले ममता और केजरीवाल की मुलाकात में इस प्रस्‍ताव पर पहले ही सहमत‍ि बनने की बात सामने आ रही है. वहीं राहुल गांधी के नाम पर चर्चा न होने की एक बड़ी वजह विधानसभा चुनावों का नतीजा भी कांग्रेस की उम्मीद के मुताबिक नहीं आने माना जा रहा है. इस बीच विपक्षी नेताओं के बीच आपस में जरूर बातचीत हुई थी और चर्चा में ही खरगे के नाम को लेकर भी चर्चा हुई थी.

खरगे का नाम आगे करने के पीछे भी एक रणनीति बताई जा रही है. दरअसल कांग्रेस का हर नेता यही चाहेगा कि कभी कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बने तो राहुल गांधी ही उसे लीड करें. वहीं ममता, केजरीवाल और कुछ अन्य नेताओं को लगता है कि अगर खरगे का नाम आगे कर चुनावी मैदान में जाया जाएगा तो ज्यादा फायदा होगा.

कब से शुरू होगी सीट के बंटवारे पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, कई राज्यों में सीट बंटवारे पर बातचीत बुधवार से ही शुरू हो जाएगी और अगर मामला जटिल हुआ तो अंतिम विचार-विमर्श के लिए दिल्ली में बैठक होगी. यह इंडिया गठबंधन की चौथी बैठक थी, जिसमें राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, फारूक अब्दुल्ला, नीतीश कुमार, राजीव रंजन, लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, उद्धव ठाकरे, संजय राउत, एमके स्टालिन, शरद पवार, अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव शामिल हुए.

सूत्र ने यह भी कहा कि जनवरी से आठ से दस संयुक्त जनसभाओं की योजना बनाई जाएगी. बैठक में हर नेता को अपने विचार और सुझाव साझा करने का मौका मिला. इंडिया गठबंधन की पहली बैठक 23 जून को पटना में हुई थी, जबकि दूसरी बैठक 17 और 18 जुलाई को बेंगलुरु में हुई, तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में हुई थी और 14 सदस्यीय समन्वय समिति व 19 सदस्यीय चुनाव रणनीति समिति की घोषणा की गई थी. 2024 के लोकसभा चुनाव में केंद्र में भाजपा से मुकाबला करने के लिए 28 पार्टियां एकजुट हो गई हैं.

(इनपुट: अरुण कुमार स‍िंह और व‍िक्रांत यादव )

Tags: 2024 Loksabha Election, Rahul gandhi

Source link

Leave a Comment