
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव शुरू होने में तीन महीने का वक्त बचा है. ऐसे में सत्ताधारी बीजेपी ही नहीं बल्कि कांग्रेस ने भी चुनावों को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस पार्टी ने पांच सदस्यीय राष्ट्रीय गठबंधन समिति का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक को दी गई है. समिति के संयोजक होंगे जबकि सदस्य के रूप में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश भी शामिल हैं. मन में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर मुकुल वासनिक कौन हैं, जिन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. आइये हम आपको उनके बारे में बताते हैं.
मुकुल वासनिक साल 2022 में राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य बने. मनमोहन सिंह सरकार के दौरान उनके पास सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय का जिम्मदा था. वासनिक का जन्म एक बौद्ध परिवार में अनुभवी कांग्रेस नेता और तीन बार सांसद रहे बालकृष्ण रामचन्द्र वासनिक के घर हुआ था. वासनिक ने महाराष्ट्र के बुलढाणा का प्रतिनिधित्व 8वीं लोकसभा (1984-1989), 10वीं लोकसभा (1991-1996) और 12वीं लोकसभा (1998-1999) के दौरान किया था. साल 1984 में, वासनिक 25 साल की उम्र में देश के सबसे कम उम्र के संसद सदस्य बने थे.
यह भी पढ़ें:- फिलिस्तीन के चक्कर में ‘बुरा फंसा’ ईरान, इजरायल ने चला ऐसा ब्रह्मास्त्र- मच गया देश में कोहराम
कभी जीत-कभी हार
मुकुल वासनिक की प्रवृत्ति बारी-बारी से लोकसभा चुनाव में जीतने और हारने की रही है. वो बुलढाणा से 1984 में जीते और फिर 1989 में उन्हें हार मिली. वो 1991 में जीते और फिर 1996 में उन्हें अगली हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद 1998 के लोकसभा चुनाव में वो जीते फिर 1999 में उन्हें फिर हार मिली. 2009 लोकसभा चुनाव के दौरान वो महाराष्ट्र के रामटेक से जीते. साल 2014 में जब मोदी सरकार सत्ता में आई तब उन्हें हार मिली. वासनिक को 1984-1986 के दौरान भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया था. बाद में वासनिक को 1988-1990 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में चुना गया.

60 की उम्र में दोस्त से रचाया ब्याह
मुकुल वासनिक ने साल 2020 में 60 साल की उम्र में अपनी पुरानी दोस्त रवीना खुराना से शादी की. दोनों की यह पहली शादी थी. 1984 में पहला चुनाव जीतने के वक्त से ही रवीना और मुकुल अच्छे दोस्त रहे हैं. रवीना दिल्ली की एक फर्म में काम करती हैं. हालांकि इस संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हैं कि इतने साल तक अच्छे दोस्त होने के बावजूद दोनों ने शादी क्यों नहीं की.
.
Tags: 2024 Lok Sabha Elections, All India Congress Committee, Congress party
FIRST PUBLISHED : December 19, 2023, 16:53 IST





