
Parliament Winter Session Live: लोकसभा और राज्यसभा के कुल 92 सांसदों के निलंबन को लेकर सदन में आज हंगामे के आसार हैं. इससे पहले संसद भवन में भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बैठक होने थोड़ी देर में शुरू होने वाली है. बैठक में शामिल होने के लिए बीजेपी के सांसद संसद भवन पहुंचने लगे हैं. अबतक दोनों सदनों से कुल 92 सांसद को निलंबित किया जा चुका है. वहीं आज दिल्ली में विपक्ष के इंडिया गठबंधन की बैठक भी होने वाली है, जिसमें कांग्रेस समेत 27 पार्टियों के नेता बैठक में हिस्सा लेंगे. बैठक के दौरान लोक सभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के एजेंडे पर चर्चा की जाएगी.
बीते सोमवार को एक ही दिन में दोनों सदनों से 78 विपक्षी सांसदों (लोकसभा से 33 और राज्यसभा से 45) के निलंबन के बाद इंडिया ब्लॉक पार्टियां मंगलवार से संसद के शेष शीतकालीन सत्र का पूरी तरह से बहिष्कार कर सकती हैं. इस पर अंतिम फैसला आज राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में होने वाली बैठक में लिया जाएगा. संसद सुरक्षा उल्लंघन मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर नारे लगाने के बाद सांसदों को ‘अनियंत्रित व्यवहार’ और कार्यवाही में बाधा डालने के लिए निलंबित कर दिया गया था.





