
हाइलाइट्स
बारातियों से भरी बस पर हमला
गुर्जर समाज के लोगों पर लगा मारपीट का आरोप
बाटोडा थाना क्षेत्र के बैराड़ा गांव में आई थी रैगर समाज की बारात
सवाई माधोपुर. सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना क्षेत्र के बैराड़ा गांव में बारातियों से भरी बस में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. रात के समय हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटनाक्रम 15 दिसंबर का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार लालसोट तहसील क्षेत्र के नायला गांव से रैगर समाज की एक बारात सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना क्षेत्र के बैराड़ा गांव में आई थी. वहां बारात के साथ आए रैगर समाज के लोगों ने गुर्जर समाज के एक युवक के साथ मारपीट कर दी थी.
देर रात को जब बारात वापस लौटने लगी तब रास्ते में गुर्जर समाज के युवकों ने बारात से भरी बस को घेर लिया और बस पर हमला करते हुए जमकर तोड़फोड़ की. बस के सारे शीशे चकनाचूर कर दिए गए. बारातियों ने बस को अंदर से लॉक करके किसी तरह से अपनी जान बचाई. हमलावर लगातार बस पर हमला करते रहे. ऐसे में बस में मौजूद बच्चों में चीख- पुकार मच गई. बस में सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए लगातार चिल्लाते रहे. बड़ी मुश्किल के बाद ड्राइवर ने बस को हमलावरों के बीच से निकाला.
10 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर दर्ज
घटना के खिलाफ बैराड़ा निवासी गोवर्धन ने बाटोदा थाने पर 10 नामजद व अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. इसमें बस में तोड़फोड़ करने के अलावा जाति सूचक शब्दों से प्रताड़ित करने एवं दलित समाज की बारात नहीं निकलने देने की शिकायत की गई है. बैराड़ा गांव के एक ही परिवार में तीन बेटियों की शादी थी. इसी दौरान किसी ने एक महिला के साथ छेड़खानी कर दी. उसके बाद यह पूरा घटनाक्रम सामने आया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
दोनों समाजों के बीच पहले भी हो चुका है विवाद
गौरतलब है कि जुलाई महीने में कोतवाली थाना क्षेत्र के बम्बोरी- खैरदा में रैगर और गुर्जर समाज के लोगों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर जमकर लाठी- डंडे चले थे. इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मारपीट में घायल हुए गुर्जर समाज के लोगों ने रैगर समाज के लोगों पर मंदिर में परिवार की महिलाओं से छेड़खानी करने का आरोप लगाया था. वहीं रैगर समाज ने मारपीट का कारण राजनीतिक द्वेष और पुराने विवाद को बताया था.
.
Tags: Crime News, Rajasthan news, Rajasthan police, Sawai madhopur news
FIRST PUBLISHED : December 17, 2023, 20:28 IST





