
मुंबई. देश के मशहूर बिजनेसमैन और जेएसडब्लू ग्रुप (JSW Group) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सज्जन जिंदल (Sajjan Jindal) पर एक महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स थाने में केस दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
सज्जन जिंदल के खिलाफ दर्ज FIR में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि यह घटना 24 जनवरी 2022 को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में जिंदल के एक पेंटहाउस में हुई. शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पहली बार इस साल फरवरी में पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई एक्शन न लिए जाने पर उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया. इसके बाद अदालत ने पुलिस को जिंदल के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया.
प्रॉपर्टी डील्स को लेकर कई बार हुई मुलाकात
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, FIR में शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि वह सज्जन जिंदल से पहली बार 8 अक्टूबर, 2021 को दुबई में मिली थी. दोनों के बीच प्रॉपर्टी से जुड़ी डील्स को आगे बढ़ाने के इरादे से फोन नंबर्स का आदान-प्रदान किया गया. कुछ मुलाकातों के बाद जिंदल ने कई बार महिला के साथ यौन संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने हर बार मना कर दिया.
शिकायतकर्ता का दावा है कि अक्टूबर 2021 और जनवरी 2022 के बीच उनके और जिंदल के बीच कई जगहों और शहरों में मुलाकातें हुईं. इसके बाद 24 जनवरी, 2022 को जब महिला बीकेसी में जिंदल के कार्यालय की मौजूदगी वाली एक इमारत के पेंटहाउस में पहुंची तो जिंदल ने उसके साथ बलात्कार किया.
सुलह कराने की हुई कोशिश
महिला का आरोप है कि जब वह पहली बार 16 फरवरी, 2023 को अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची तब जिंदल के कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया था. उन्होंने सुलह कराने और शिकायत वापस लेने को कहा था.
वहीं शिकायतकर्ता ने CNBC-TV18 को बताया, ‘मैंने 16 फरवरी, 2023 को पुलिस से संपर्क किया. उन्होंने मुश्किल से एक रफ स्टेटमेंट लिखा. मुझे उस बयान की कॉपी नहीं दी गई. कोई FIR दर्ज नहीं की गई…आखिरकार 5 दिसंबर, 2023 को मैंने बॉम्बे हाई कोर्ट में पुलिस के खिलाफ एक रिट याचिका दायर की.’
कोर्ट के आदेश के एक दिन बाद 13 दिसंबर 2023 को FIR दर्ज की गई. हालांकि, मुंबई पुलिस FIR दर्ज करने में किसी भी तरह की देरी से इनकार कर रही है. मुंबई पुलिस का कहना है कि वह प्रक्रिया के अनुसार कानूनी रूप से सब कुछ कर रही है. शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर, जिंदल पर 376 और 354 सहित IPC की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
.
Tags: Mumbai News, Rape Case
FIRST PUBLISHED : December 17, 2023, 12:31 IST





