
हाइलाइट्स
बेरोजगारों से जुड़ी बड़ी खबर
28 दिसंबर को होगी बड़ी बैठक
भजनलाल सरकार शुक्रवार से ही एक्शन मोड में आ गई
जयपुर. राजस्थान में सत्ता आई बीजेपी सरकार ने शपथ ग्रहण करने के साथ ही ताबड़तोड़ एक्शन लेना शुरू कर दिया है. शपथ ग्रहण के बाद कामकाज संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर सीएम भजनलाल शर्मा ने सूबे के बहुचर्चित पेपर लीक मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन करने ऐलान कर दिया था. उसके बाद अब बेरोजगारों से जुड़े सबसे बड़े मुद्दे भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़ी तैयारी शुरू कर दी गई है. इसके तहत नई सरकार आरपीएससी की भर्ती परीक्षाओं की समीक्षा करेगी.
जानकारी के अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर की आगामी भर्ती परीक्षाओं को लेकर यह समीक्षा बैठक होगी. इसके लिए सचिवालय में 28 दिसंबर को अहम बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में वीसी के माध्यम से विभागीय सचिव जुड़ेंगे. बैठक में भर्ती संबंधी सभी कार्रवाइयों पर पुनर्विचार किया जाएगा. बैठक में भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं.
सीएम के निर्देशों के बाद कार्मिक विभाग ने बुलाई बैठक
भजनलाल सरकार ने राजस्थान की पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान आरपीएससी की ओर से जारी किए गए भर्ती परीक्षा कलैंडर 2024 को लेकर समीक्षा करने का फैसला लिया है. राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने सीएम के निर्देशों के बाद यह फैसला लिया है. नियम अनुभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत 28 दिसम्बर को सचिवालय में सचिव स्तर की बैठक बुलाई गई है.
सरकार अफसरों से सुझाव लेगी
बैठक में पूरे विवरण के साथ सचिव स्तर के अफसर विडिओ कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुडेंगे. सचिव स्तर के अधिकारी भर्तियों को लेकर अपना ब्योरा रखेंगे और पूरी प्रक्रिया को लेकर जानकारी देंगे. भर्तियों में पारदर्शिता को लेकर सरकार अफसरों से सुझाव लेगी. इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार के आगामी रोडमैप पर भी चर्चा की जाएगी. इससे पहले शपथ लेने के बाद शुक्रवार शाम को सीएम भजनलाल ने पेपर लीक केस की जांच के लिए एसआईटी के गठन समेत तीन बड़े फैसले लिए थे.
.
Tags: Bhajan Lal Sharma, Jaipur news, Rajasthan government, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : December 16, 2023, 18:40 IST





