
संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले आरोपियों में से एक कुछ वक्त कंबोडिया में रहा है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ने के बाद मैसूर का रहने वाला मनोरंजन देवराज कंबोडिया जाकर एक संस्था के लिए वॉलिंटियरिंग का काम करता था. बाद में वापस लौट आया.
बैंकॉक के रास्ते गया था कंबोडिया
जांच एजेंसी के मुताबिक 33 साल का मनोरंजन देवराज बैंकॉक के रास्ते साल 2014 में कंबोडिया गया था. यह खुलासा उसके इंटरनेशनल ट्रैवल रिकॉर्ड से हुआ है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने बताया कि देवराज के माता-पिता का कहना है कि वह कंबोडिया में UN जैसी एक संस्था के लिए वॉलिंटियरिंग का काम करता था. हालांकि संस्था का नाम पुष्ट नहीं हो पाया है.
सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लग रही हैं कि आखिर देवराज किस विचारधारा से प्रभावित था और संसद में घुसकर ऐसी वारदात को अंजाम देने का आईडिया उसके दिमाग में कैसे आया?
किताबों में खोया रहता था, सागर मिलने आया था
मनोरंजन के पिता देवराज के मुताबिक वह अक्सर किताबें पढ़ा करता था. खासकर स्वामी विवेकानंद से प्रभावित था. पिता के मुताबिक वह छात्र नेता था और सोसाइटी में बदलाव लाना चाहता था. पुलिस से पूछताछ में देवराज के परिवार ने यह भी बताया है कि दूसरा आरोपी सागर शर्मा एक बार उनके घर उनके बेटे से मिलने आया था.
संसद के बाहर आत्मदाह का था प्लान, इस कारण रहा नाकाम; आरोपी सागर का पुलिस के सामने खुलासा
IB की टीम कर चुकी है पूछताछ
आपको बता दें कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम दो दिन पहले ही मैसूर में देवराज के घर पहुंची थी और उसकी गतिविधियों की जानकारी ली थी. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की भी पड़ताल की थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक देवराज बहुत कम बातचीत करता था. पड़ोस के लोगों से भी किसी तरह का कोई संपर्क नहीं रखता था. वह मैसूर के अलावा कर्नाटक के हासन में ज्यादा वक्त बिताया करता था, जहां उसके परिवार की 10 एकड़ खेती की जमीन है.

पिता बोलते थे झूठ?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक देवराज के पिता अपने पड़ोसियों से बताया करते थे कि उनका बेटा इंजीनियरिंग ग्रेजुएट है और विदेश में नौकरी करता है. देवराज की एक पड़ोसी ने बताया कि वह बहुत रिजर्व नेचर का था. किसी से बातचीत नहीं करता था. उसके परिवार का कहना था कि उसने BE किया है और विदेश में काम करता है.
.
Tags: Mysuru, Parliament, Parliament news
FIRST PUBLISHED : December 16, 2023, 16:12 IST





