ये है असली प्रेम कहानी… पत्‍नी को हुई ये बीमारी तो पति ने 4KM तक लगा डाले पेड़-पौधे, लोग कर रहे सलाम!

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सच्चिदानंद/पटना. कभी अपनी बीमार पत्नी को अस्पताल ले जाने में दशरथ मांझी को परेशानी हुई, तो उन्होंने पहाड़ का सीना चीरकर सड़क बना डाली थी. वहीं, पटना के पुनपुन इलाके के अशोक सिंह भी दशरथ मांझी से कम नहीं हैं. सांस की तकलीफ से परेशान पत्नी को स्वस्थ रखने के लिए उन्होंने गांव की 4 किलोमीटर की सड़क के दोनों ओर सैकड़ों पौधे लगा दिए, जो अब पेड़ बनकर न सिर्फ शुद्ध ऑक्सीजन दे रहे हैं बल्कि राहगीरों को छाया देने के साथ-साथ गर्मी के दिनों में कुछ पल बिताने के लिए ठौर भी दे रहे हैं. अशोक सिंह न सिर्फ पौधे लगाते हैं बल्कि उसकी देखभाल में हर दिन आठ घंटे समय भी बिताते हैं. गांव में घुसते ही सड़क के दोनों ओर आपको पाकड़, पीपल, बरगद, कदम और जामुन के पेड़ दिख जाएंगे.

जवानी के दिनों में बंगाल में रहने के कारण अशोक सिंह का नाम बंगाली बाबा पड़ गया. साल 2011 में पत्नी मनोरमा देवी को सांस की बीमारी हुई, तो उनको एक साधु ने पौधे लगाने की सलाह दी. फिर क्या था? अशोक सिंह अपनी साइकिल पर बाल्टी और खुरपी रखकर पौधे लगाने के लिए निकल पड़े. पत्नी ही नहीं, गांव के हर व्‍यक्ति को शुद्ध ऑक्सीजन मिलते रहे, इसके लिए पूरे गांव में सड़क किनारे पौधे लगा दिए. 12 साल से यह सिलसिला जारी है. अशोक न सिर्फ पेड़ लगाते ही नहीं बल्कि उसकी देखभाल भी करते हैं. उन्‍होंने बताया कि हर बरसात में 30 से 35 पौधे लगाता हूं. गांव के लोगों ने भी इस सड़क का नाम बंगाली बाबा पथ रख दिया है. अब तो अकौना गांव की पहचान भी बंगाली बाबा से होती है.

खपरैल वाला घर, खेती से चलता है जीवन
अशोक सिंह उर्फ बंगाली बाबा की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. घर टूटा-फूटा खपरैल का है और जीवन यापन खेती से चलता है. इसके बावजूद पेड़ लगाने के इस काम को अशोक ने नहीं छोड़ा. अशोक सिंह ने कहा कि इन पेड़ों ने उनकी पत्नी को जीवनदान दिया है. मेरा पूरा जीवन भी इन पेड़ों को समर्पित है. जब तक सांस चलेगी पेड़ लगाता रहूंगा और देखभाल करता रहूंगा. बहरहाल, पटना के पुनपुन इलाके के अकौना गांव के लोग भी अशोक सिंह के इस काम से बेहद खुश रहते हैं. वे लोग भी पेड़ लगाने में मदद भी करते हैं. हालांकि शुरुआत में कुछ लोग उन्हें पागल कहते थे, लेकिन आज वो भी बंगाली बाबा की तारीफ करते नहीं थकते हैं.

Tags: Bihar News, PATNA NEWS, Plantation, Tree

Source link

Leave a Comment