
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर को बड़ी सौगात दी है और अब केंद्र शासित प्रदेश में भी वंदे भारत ट्रेन चलेगी. केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को तोहफा देते हुए उधमपुर से श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि उधमपुर-श्रीनगर बारामुला रेल लिंक परियोजना पर अब वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी.
दरअसल, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के निवासियों को एक उपहार के रूप में केंद्र सरकार ने उधमपुर श्रीनगर बारामूला मार्ग पर 49वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन आवंटित की है. जैसे ही जम्मू और बारामूला के बीच रेलवे लिंक बनकर तैयार हो जाएगा तो वंदे भारत ट्रेन बारामूला को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ देगी.
उधमपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी दी और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताया. उन्होंने ट्वीट किया, ‘उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक के लिए 49वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी को धन्यवाद. आने वाले समय में यह निश्चित रूप से इस क्षेत्र के लिए गेम-चेंजर साबित होगा.’

बता दें कि भारत की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस अपने लॉन्च के समय से ही खासी चर्चा में है. यह देश की पहली इंजनलेस ट्रेन भी है, जो कि पूरी तरह से स्वदेशी है. इन ट्रेनों की रफ्तार 160 kmph तक है और इस ट्रेन में पैसेंजर्स की सुविधा के लिए हर सामान मौजूद है. अभी कुल 7 रूट पर वंदे भारत ट्रेन दौड़ रही है. देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को 15 फरवरी, 2019 को हरी झंडी दिखाई गई थी, तब से निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के चार और उन्नत संस्करण लॉन्च किए गए हैं.
.
Tags: Jammu and kashmir, PM Modi, Pm narendra modi, Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : December 13, 2023, 11:21 IST





