WPL की 87 खिलाड़ियों को जितने पैसे मिले, उतने तो आईपीएल के 4 खिलाड़ी ले गए, 5 अंतर जो कर देंगे हैरान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नई दिल्ली. डब्ल्यूपीएल यानी वुमंस प्रीमियर लीग का ऑक्शन अब कुछ घंटे ही दूर है. इस टी20 लीग के अगले सीजन के लिए मुंबई में 9 दिसंबर को प्लेयर्स ऑक्शन होना है. डब्ल्यूपीएल की शुरुआत आईपीएल के तर्ज पर हुई है. दोनों में अनेक समानताएं हैं. दोनों ही लीग के जरिए खिलाड़ियों को करोड़पति बनने में देर नहीं लगती. लेकिन क्या आप जानते हैं आईपीएल और डब्ल्यूपीएल में कई असमानताएं इतनी हैं, जो किसी को भी चौंका सकती है. जैसे कि डब्ल्यूपीएल 2023 में उसके सभी 87 खिलाड़ियों को जितने पैसे मिले थे, उतने आईपीएल के सिर्फ 4 खिलाड़ियों को मिल गए थे. आइए जानते हैं कि इन दोनों लीग में 5 बड़े अंतर क्या हैं.

IPL में डब्ल्यूपीएल से दोगुनी टीमें
आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी. पहले इसमें 8 टीमें खेलती थीं, जिसे बढ़ाकर अब 10 कर दिया गया है. जबकि डब्ल्यूपीएल की शुरुआत 2023 में हुई है. इसमें 5 टीमें खेलती हैं. डब्ल्यूपीएल की शुरुआत से पहले आईपीएल के बीच में ही महिला टीमों के मुकाबले कराए जाते थे. जिसे हम प्री डब्ल्यूपीएल का एरा कह सकते हैं. बीसीसीआई के मुताबिक डब्ल्यूपीएल में कम टीमें होने की सबसे बड़ी वजह महिला क्रिकेटरों की कमी है.

महंगे खिलाड़ियों में 15 करोड़ का अंतर
आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स ने सैम करेन पर 18.50 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी. इसके साथ ही इंग्लैंड के सैम करेन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे. डब्ल्यूपीएल की सबसे महंगी खिलाड़ी का रुतबा स्मृति मंधाना को हासिल है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने स्मृति मंधाना ने 3.40 करोड़ रुपए की बोली लगाकर स्मृति मंधाना को अपनी टीम में शामिल किया था. स्पष्ट है कि आईपीएल और डब्ल्यूपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ियों के बीच 15.10 करोड़ रुपए का अंतर है.

आईपीएल के 4 सबसे महंगे खिलाड़ी सैम करेन, कैमरन ग्रीन, केएल राहुल, बेन स्टोक्स रहे. आईपीएल 2023 में इन चारों का कॉन्ट्रैक्ट कुल मिलाकर 69.25 करोड़ रुपए का था. कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़, बेन स्टोक्स के चेन्नई सुपरकिंग्स ने 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था. जबकि लखनऊ सुपरजायंट्स ने केएल राहुल को केएल राहुल 17 करोड़ रुपए में रीटेन किया था.

डब्ल्यूपीएल की 5 टीमों का पर्स 60 करोड़ का
महिला और पुरुष क्रिकेटरों को मिलने वाले पैसे में इतना बड़ा अंतर क्यों है, इसका जवाब आईपीएल और डब्ल्यूपीएल की टीमों के पर्स से समझा जा सकता है. आईपीएल में मौजूदा समय में एक फ्रेंचाइजी का पर्स 100 करोड़ रुपए का होता है. डब्ल्यूपीएल में एक फ्रेंचाइजी का पर्स 12 करोड़ रुपए है. यानी, वह अपनी पूरी टीम बनाने के लिए खिलाड़ियों पर अधिकतम 12 करोड़ की बोली लगा सकती है. और आसान भाषा में समझें तो डब्ल्यूपीएल की सभी टीमों का पर्स कुल मिलाकर 60 करोड़ रुपए है. जबकि आईपीएल की 10 टीमों को मिलाकर यह राशि 1000 करोड़ रुपए पहुंच जाती है.

आईपीएल विनर को मिलती है दो गुनी प्राइजमनी
आईपीएल 2023 की विजेता टीम को 20 करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिली. यह डब्ल्यूपीएल 2023 के विजेता को मिलने वाली राशि से दो गुनी है. आईपीएल 2023 की उपविजेता टीम को 13 करोड़ रुपए का प्राइज मनी दी गई. यहां एक बात का जिक्र दिलचस्प हो सकता है कि जब 2008 में आईपीएल की शुरुआत हुई थी तब पहला खिताब जीतने वाली टीम राजस्थान रॉयल्स को 4.8 करोड़ रुपए की प्राइजमनी मिली थी.

डब्ल्यूपीएल में महिलाओं के लिए फ्री टिकट
क्रिकेट की दुनिया के लिए बेहद दिलचस्प बात हो सकती है कि दर्शकों को फ्री टिकट दिए जाएं. हालांकि, ऐसा सारे दर्शकों के लिए नहीं है. डब्ल्यूपीएल 2023 में महिला दर्शकों को मैचों के फ्री टिकट दिए गए थे. डब्ल्यूपीएल 2024 में भी ऐसा होगा या नहीं, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है. जहां तक आईपीएल की बात है तो सभी जानते हैं कि इसके मैचों के टिकट हाथोंहाथ बिक जाते हैं.

Tags: IPL, IPL 2024, Women’s Premier League, WPL 2023

Source link

Leave a Comment