
नई दिल्लीः नेटवर्क 18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट ने ग्रुप के टीवी और डिजिटल न्यूज कारोबार को एक कंपनी में मर्ज करने का ऐलान किया है. दोनों कंपनियों ने बयान में कहा कि इस योजना के तहत टीवी18 ब्रॉडकास्ट और मनीकंट्रोल वेबसाइट एवं ऐप का परिचालन करने वाली ई-18 डॉट कॉम को नेटवर्क18 में मिला दिया जाएगा. बुधवार को ये घोषणा की गई. नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट के अनुसार, ये फैसला होल्डिंग स्ट्रक्टर को आसान बनाने के लिए लिया गया है. इस कदम से कंपनी मीडिया सेक्टर में अपनी स्थिति को मजबूत बनाएगी और कारोबार का विस्तार करेगी. साथ ही निवेशकों के लिए नए मौके मिलेंगे. कंपनी और टीवी 18 ब्रॉडकास्ट लिमिटेड ने टीवी18 और ई18 के नेटवर्क18 में विलय के लिए स्कीम ऑफ अरेंजमेंट से जुड़ी शर्तों की जानकारी शेयर बाजार को भेजी है.
जानकारी के मुताबिक, TV18 और E18 के नेटवर्क में विलय के साथ टीवी और डिजिटल न्यूज एसेट्स और मनीकंट्रोल को एक कंपनी के दायरे में लाया जाएगा. बता दें कि E18 के पास मनीकंट्रोल वेबसाइट और ऐप का स्वामित्व है और वो इनका संचालन करती है. E18 नेटवर्क18 की सब्सिडियरी है. वहीं TV18 भी नेटवर्क18 की सब्सिडियरी है.
विलय की गई इकाई में TV18 (16 भाषाओं में 20 समाचार चैनल और CNBCTV18.COM) का टीवी पोर्टफोलियो शामिल होगा, जिसमें नेटवर्क18 की डिजिटल संपत्ति (13 भाषाओं में NEWS18.COM प्लेटफॉर्म और फर्स्टपोस्ट) और मनीकंट्रोल वेबसाइट और ऐप भी शामिल है. VIACOM18 अपने जियो सिनेमा और 40 टीवी चैनलों के पोर्टफोलियो के साथ नेटवर्क18 की प्रत्यक्ष सहायक कंपनी होगी. नेटवर्क18 bookmyshow में अपना निवेश जारी रखेगा.

बयान के मुताबिक, ‘प्रस्तावित योजना नेटवर्क18 समूह के टीवी और डिजिटल समाचार कारोबार को एक कंपनी में मिलाएगी और टीवी एवं डिजिटल दोनों माध्यमों में व्यापक पहुंच रखने वाला भारत का सबसे बड़ा मंच-केंद्रित समाचार मीडिया केंद्र बनाने में मदद करेगी.’
नेटवर्क18 देश का अग्रणी मीडिया समूह है और इसका नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है, जिसका एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है. टीवी18 ब्रॉडकास्ट लिमिटेड, नेटवर्क18 की अनुषंगी कंपनी है.
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)
.
FIRST PUBLISHED : December 7, 2023, 06:58 IST





