
नई दिल्ली. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में बीते वर्ष विदेशियों के खिलाफ अपराध के मामलों में 48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. आंकड़ों के अनुसार, 2022 में दिल्ली में विदेशियों के खिलाफ अपराध के कुल 40 मामले दर्ज हुए, जो 2021 में दर्ज किए गए 27 मामलों से अधिक हैं. हालांकि ये 2020 में दिल्ली में दर्ज विदेशियों के खिलाफ अपराध के 62 मामलों की तुलना में कम हैं.
एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में विदेशियों द्वारा किए गए अपराधों में 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली में 2022 में विदेशियों द्वारा किए गए अपराधों के कुल 256 मामले दर्ज हुए, जबकि 2021 में यह संख्या 322 और 2020 में 168 थी.
यह भी पढ़ें:- करणी सेना राजनीतिक दल नहीं…फिर भी राजस्थान की राजनीति में क्यों है इसका इतना महत्व? जानें पूरा इतिहास
साइबर अपराध हुआ दो गुना
NCRB के आंकड़े बताते है कि दिल्ली में साइबर अपराध के मामले 2022 में लगभग दोगुने हो गए. एनसीआरबी के 2022 के व्यापक अपराध आंकड़ों से पता चलता है कि ऐसे मामलों की संख्या 2021 में 345 से बढ़कर 2022 में 685 हो गई. इसमें कहा गया है कि 2020 में साइबर अपराध के केवल 166 मामलों के साथ यह संख्या काफी कम थी.

बच्चों से जुड़ा साइबर अपराध भी बड़ा
2022 में दिल्ली में दर्ज किए गए 685 मामलों में से 331 साइबर धोखाधड़ी की घटनाएं थीं, 55 कंप्यूटर से संबंधित अपराध थे. अश्लील या यौन रूप से स्पष्ट कृत्यों के ऑनलाइन प्रकाशन के लिए 184 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए और अश्लील सामग्री को ऑनलाइन प्रकाशित या प्रसारित करने के लिए 21 मामले दर्ज किए गए. यौन कृत्यों में शामिल बच्चों को चित्रित करने वाली तस्वीरें और ऑडियो या वीडियो क्लिप प्रकाशित करने या प्रसारित करने के लिए दिल्ली में कुल 116 मामले दर्ज किए गए थे. दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हम साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और समय-समय पर कई अभियान चलाए जा रहे हैं.’
.
Tags: Delhi latest news, Delhi news, NCRB, NCRB Report
FIRST PUBLISHED : December 5, 2023, 19:11 IST





