
भिवानी. छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली प्रचंड जीत और अपनी हार को कांग्रेस हज़म नहीं कर पा रही है. हरियाणा के भिवानी में कांग्रेस की सीनियर लीडिर किरण चौधरी ने बीजेपी की जीत पर सवाल खड़े किए. साथ ही कहा कि कांग्रेस की गुटबाज़ी की वजह से भी नुक़सान हुआ. चौधरी ने बीजेपी को वोट देने पर जनता को भी कोसा.
कांग्रेस की दिग्गज नेत्री किरण चौधरी ने भिवानी में आवास पर अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की. समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को फ़ोन कर समाधान के निर्देश दिए.
किरण चौधरी मीडिया से भी रूबरू हुई। और बीजेपी की प्रचंड जीत और कांग्रेस की करारी हार से विचलित दिखीं. किरण चौधरी ने कहा कि हम इस बारे में समीक्षा करेंगे. लेकिन आज जो हालात हैं और देश का सत्यानाश हो रहा है. बेरोज़गारी के चलते युवा दुसरे देशों में पलायन कर रहे हैं. पीने को पानी नहीं, विकास हो नहीं रहा, कर्मचारी भी दुखी और फिर भी वोट बीजेपी को देते हैं तो लोग ही बताएँगे ऐसा क्यों. किरण ने कहा कि कुछ ऐसा हो रहा है जो हमें समझ नहीं आ रहा. उन्होंने EVM में गड़बड़ी की भी आशंका जताई और कहा कि इस (बीजेपी) सरकार में कुछ भी संभव है.

किरण चौधरी ने कहा कि लोगों को समझना होगा कि उन्हें काम चाहिए या जुमले. उन्होंने कहा कि सीएम मनोहरलाल राजस्थान में गैस सिलेंडर ₹500 का देने की कहते थे तो अब हरियाणा में भी देना चाहिए. अगर चुनाव के समय दिया तो वो जुमला होगा. साथ ही कहा कि हरियाणा के लोग समझदार हैं. वो हरियाणा में अब बीजेपी को मौक़ा नहीं देंगे. बीजेपी नेताओं द्वारा कांग्रेस का संगठन ना होने पर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि बीजेपी के संगठन में भी जूतमपैजार होता है. हम सब जानते हैं कि बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष को कैसे और क्यों हटाया. साथ ही कांग्रेस की गुटबाज़ी पर किरण ने माना कि गुटबाज़ी कहीं हो, नुक़सान होता ही है. ऐसे में जो अपने आप को बड़ा मानते हैं, उन्हें समझना चाहिए, कि सब इकट्ठे होकर साथ चलेंगे तो फ़ायदा होगा.
किरण चौधरी ने अपने बेबाक़ अंदाज में कांग्रेस की गुटबाज़ी और उसके नुक़सान होने की बात स्वीकार की है, लेकिन वो बीजेपी की जीत व कांग्रेस की हार को स्वीकार नहीं कर पा रही.
.
Tags: 5 State Assembly Elections in 2023, Haryana news live, Haryana News Today
FIRST PUBLISHED : December 5, 2023, 14:23 IST





