
हाइलाइट्स
विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद पीएम मोदी का भाजपा विरोधी ताकतों पर तीखा तंज.
पीएम मोदी ने विपक्ष के विभाजनकारी एजेंडे की ओर इशारा किया.
पीएम मोदी ने कहा कि 70 साल पुरानी आदत इतनी आसानी से दूर नहीं जा सकती.
नई दिल्ली. मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बीजेपी को भारी बहुमत से मिली जीत और कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी ताकतों पर तीखा तंज कसा है. प्रधानमंत्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ‘वे अपने अहंकार, झूठ, निराशावाद और अज्ञानता से खुश हों.’ हालांकि उन्होंने कांग्रेस के कथित ‘विभाजनकारी एजेंडे’ के बारे में चेतावनी देते हुए कहा कि ’70 साल की पुरानी आदत इतनी आसानी से दूर नहीं जा सकती.’ पीएम मोदी ने कहा कि ‘साथ ही इन लोगों की समझदारी ऐसी ही है तो उन्हें आगे कई और नुकसान देखने के लिए तैयार रहना होगा.’
तीन हिंदी भाषी राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नवंबर में चुनाव हुए थे. इन राज्यों में कांग्रेस की हार के बाद तेलंगाना कांग्रेस के लिए एकमात्र सांत्वना बनकर आया. जहां कांग्रेस ने के.चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (BRS) से सत्ता छीन ली. इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष से कहा कि वह विधानसभा चुनावों में हार पर अपनी निराशा संसद के अंदर न निकालें और “नकारात्मकता” को पीछे छोड़कर आगे बढ़ें, इससे उनके प्रति लोगों का नजरिया बदल सकता है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर मैं वर्तमान चुनाव नतीजों के आधार पर कहूं, तो ये सत्र विपक्ष में बैठे हुए साथियों के लिए सुनहरा मौका है. इस सत्र में पराजय का गुस्सा निकालने की योजना बनाने के बजाय, इस पराजय से सीखकर, पिछले 9 साल में चलाई गई नकारात्मकता की प्रवृत्ति को छोड़कर इस सत्र में अगर सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश उनकी तरफ देखने का दृष्टिकोण बदलेगा. देश ने नकारात्मकता को नकारा है. पीएम मोदी ने कहा कि कल ही 4 राज्यों के चुनाव नतीजे आए हैं. बहुत ही उत्साहवर्धक परिणाम आए हैं.

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये उनके लिए उत्साहवर्धक हैं, जो देश के सामान्य मानवी के कल्याण के लिए, देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित हैं. सभी समाजों और सभी समूहों की महिलाएं, युवा, हर समुदाय और समाज के किसान और मेरे देश के गरीब. ये 4 ऐसी महत्वपूर्ण जातियां हैं जिनके सशक्तिकरण, उनके भविष्य को सुनिश्चित करने वाली ठोस योजनाएं और अंतिम व्यक्ति तक पहुंच के उसूलों पर जो चलता है, उन्हें भरपूर समर्थन मिलता है.
.
Tags: BJP, Pm narendra modi, PM Narendra Modi News, PM Narendra Modi Speech
FIRST PUBLISHED : December 5, 2023, 12:37 IST





