तेलंगाना में बहुमत के करीब पहुंची कांग्रेस को सता रहा डर! होटल में डटे डीके शिवकुमार, बाहर बसें भी तैनात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नई दिल्ली. तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस आसानी से बहुमत के आंकड़े तक पहुंचती दिख रही है. खबर लिखे जाने तक आए रुझानों में कांग्रेस गठबंधन यहां 68 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि सीएम के चंद्रशेखर राव की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) महज 40 सीटों पर आगे है. इस रुझानों के साथ ही तेलंगाना कांग्रेस में हलचल भी तेज हो गई है. वहीं बीजेपी को 7 जबकि एआईएमआईएम को 4 सीटों पर बढ़त हासिल है.

कांग्रेस ने राजधानी हैदराबाद स्थित ताज कृष्णा होटल में बसें खड़ी कर दी हैं और पार्टी के संकटमोचक कहे जाने वाले डीके शिवकुमार भी यहीं मौजूद हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस अगर बहुमत के जादुई आंकड़े से पीछे रह जाती है तो विधायकों को इन बसों के जरिये कर्नाटक शिफ्ट किया जा सकता है.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह पूछे जाने पर कि क्या हैदराबाद के ताज कृष्णा के बाहर खड़ी बसों के जरिये पार्टी विधायकों को बेंगलुरु भेजा जाएगा? कांग्रेस नेता और कर्नाटक के मंत्री रहीम खान ने कहा, ‘अगर ऐसी स्थिति आती है, तो पार्टी आलाकमान फैसला करेगा.’

वहीं तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष किरण कुमार चमाला कहते हैं, “आप सभी केसीआर की कार्यशैली को जानते हैं, अवैध खरीदफरोख्त उनका मेन एजेंडा है. इसलिए हमने कुछ कदम उठाए हैं, लेकिन आज परिणाम, रुझान और सब कुछ देखने के बाद ऐसी गतिविधि की जरूरत नहीं है, क्योंकि कम से कम हमारे पास 80 से अधिक सीटें होंगी… सब कुछ ठीक है. हम आज बहुत खुश हैं…’

दरअसल कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने तेलंगाना चुनाव में प्रतिद्वंद्वी बीआरएस द्वारा विधायकों के खरीद-फरोख्त की किसी भी संभावित कोशिश को रोकने के लिए डीके शिवकुमार को बाड़बंदी का जिम्मा सौंपा है. कर्नाटक कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि शिवकुमार और पार्टी की राज्य इकाई को कांग्रेस विधायकों को रखने के लिए राज्य में ‘कम से कम 2 से 3 रिसॉर्ट या होटल’ तैयार रखने के लिए कहा है. इसके साथ ही उन्हें कुछ अतिरिक्त होटलों की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधायकों को भी वहां ठहराया जा सके.

Tags: Assembly Elections 2023, Congress, Telangana Assembly Elections

Source link

Leave a Comment