
भोपाल. मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों से बीजेपी एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करती दिख रही है. शुरुआत के दो घंटे की काउंटिंग में ही बीजेपी ने काफी बढ़त हासिल कर ली है. बीजेपी प्रदेश में दो दशक से सरकार चला रही है, हालांकि इस बार जीत की उम्मीद लगाए बैठी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. विश्लेषकों की मानें तो भाजपा को मिली बढ़त में आधी आबादी की अहम भूमिका रही है. इसके साथ ही मामा से भैया की छवि में आए शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी की किस्मत चमक गई.
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मतगणना में बीजेपी, कांग्रेस से काफी आगे चल रही है. ऐसे में बीजेपी प्रदेश की 230 सीटों पर बड़ी जीत हासिल करने की तरफ आगे बढ़ रही है. इस बढ़त में बीजेपी की लाडली बहना योजना का अहम योगदान माना जा रहा है. खुद को ‘मामा’ कहने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बार लाडली बहना योजना की शुरुआत करके बड़ा दांव चला था. इसके तहत उन्होंने राज्य की करोड़ों महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए प्रति माह ट्रांसफर किए. जिसे बढ़ाकर 1250 कर दिया है साथ ही धीरे-धीरे कर इस रकम को 3000 रुपए तक ले जाने का वादा किया था.
बहनों के लाडले हुए ‘मामा’
मध्यप्रदेश में आधी आबादी यानी महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं का बीजेपी की सफलता में बड़ा योगदान है. शिवराज सिंह चौहान ने खुद कहा था कि लाडली बहना, लाडली लक्ष्मी, निकाय चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना उसको ठीक से लागू किया गया है. उसका प्रभाव बेटी बचाओ-बेटी पढाओ जैसे अभियान, भर्तियों में 35 फीसदी आरक्षण का लाभ देने की वजह से बहनों ने आशीर्वाद दिया है.

केंद्र की योजनाओं का भी खासा प्रभाव
मध्यप्रदेश में केंद्र की योजनाओं का भी खासा प्रभाव नजर आता है. ऐसे लाभार्थियों की बड़ी संख्या है, जो प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं. इतना ही नहीं बल्कि मुफ्त राशन योजना के करोड़ों लाभार्थी मध्यप्रदेश में मौजूद है. इसके अलावा इस चुनाव में मोदी फैक्टर का भी जोरदार असर रहा. पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रदेश में कई रैलियों और कार्यक्रमों में शामिल होकर माहौल बनाया.
.
Tags: Bhopal news, Madhya Pradesh Assembly Elections 2023, Shivraj singh
FIRST PUBLISHED : December 3, 2023, 13:09 IST





