कार में चुपचाप CM आवास से निकले और… जानें कहां गए KCR? राज्यपाल को यूं भेजा इस्तीफा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

हैदराबाद. तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस द्वारा बहुमत सीटें जीतने के बाद रविवार को राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन को अपना इस्तीफा भेज दिया. जब साफ हो गया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सत्ता बरकरार नहीं रखेगी, केसीआर ने एक अधिकारी के माध्यम से राजभवन को अपना इस्तीफा भेज दिया.

उम्मीद थी कि केसीआर अपना इस्तीफा सौंपने राजभवन खुद जाएंगे. वह निजी कार में चुपचाप मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास प्रगति भवन से निकल गए, लेकिन राजभवन नहीं पहुंचे. बाद में पता चला कि उन्होंने अपना इस्तीफा एक अधिकारी के माध्यम से भेजा है.

बताया गया है कि मुख्यमंत्री मेडक जिले के एर्रावल्ली गांव स्थित अपने फार्महाउस के लिए रवाना हो गए हैं. केसीआर के इस रुख ने कई लोगों को चौंका दिया, वो काफिले में नहीं गए और यहां तक कि मार्ग की मंजूरी के बिना एक आम व्यक्ति के रूप में चले गए.

इस बीच, तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और उनसे नई सरकार के गठन तक पद पर बने रहने का आग्रह किया. राजभवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि राव का इस्तीफा प्राप्त हुआ और राज्यपाल ने इसे स्वीकार कर लिया है.

इसमें कहा गया है कि राज्यपाल ने राव से नई सरकार के गठन तक पद पर बने रहने का अनुरोध किया. राव के बेटे और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने पहले कहा था कि विधानसभा चुनाव में बीआरएस की हार के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेज दिया है.

Tags: Assembly elections, Congress, K Chandrashekhar Rao, Telangana

Source link

Leave a Comment