
साहित्य अकादमी का पुस्तक मेला पुस्तकायन 2023 का आगाज 1 दिसंबर, शुक्रवार से हो रहा है. 9 दिसंबर तक चलने वाले इस पुस्तक मेला में देश-दुनिया के लेखक, प्रकाशक, पत्रकार और कलाकार शिरकत कर रहे हैं. नौ दिन के इस आयोजन में साहित्य अकादमी का विशेष फोकस बाल साहित्य पर रहेगा. इसके लिए साहित्य अकादमी के पुस्तकालय में एक चिल्ड्रंस कॉर्नर भी बनाया गया है. इस चिल्ड्रंस कॉर्नर और पुस्तकायन का उद्घाटन संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे.
साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासराव ने बताया कि साहित्य अकादमी पिछले साल पहली बार ‘पुस्तकायन’ का शानदार और सफलतापूर्वक आयोजन किया था. अब यह इसका दूसरा संस्करण है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष से सीख लेकर इस बार के पुस्तकायन को और भी ज्यादा आकर्षक तथा भव्य बनाया गया है. इस बार पुस्तक मेले में 40 से अधिक प्रकाशक शामिल हो रहे हैं.
सचिव के. श्रीनिवासराव ने बताया कि पुस्तक संस्कृति और पढ़ने की रुचि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘पुस्तकायन’ पुस्तक मेले में अनेक साहित्यिक कार्यक्रमों के साथ ही कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रतिदिन प्रस्तुत किए जाएंगे.
इस पुस्तक मेले में विभिन्न भारतीय भाषाओं के लगभग 50 लेखक और कलाकार शामिल हो रहे हैं. मेले के दौरान साहित्यिक कार्यक्रमों में मुशायरा, कवि सम्मिलन, युवा साहिती, बहुभाषी रचना-पाठ, पैनल चर्चा और अपने प्रिय लेखक से मिलिए जैसे अनेक कार्यक्रम रखे गए हैं. मेले में बच्चों के लिए भी कार्टून कार्यशाला तथा उनके प्रिय बाल लेखकों से मिलने के कार्यक्रम रखे गए हैं. कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से की जा रही हैं. पुस्तक मेला में ममता कालिया, अनामिका, बलदेव सिंह, चंद्रभान ख़्याल, खालिद जावेद, प्रकाश मनु, बुद्धिनाथ मिश्र, ज्ञानप्रकाश विवेक, खालिद महमूद, महुआ माजी, माधव जोशी, इरशाद खान सिकंदर आदि प्रमुख लेखक शामिल होंगे.
.
Tags: Books, Hindi Literature, Hindi Writer, Literature
FIRST PUBLISHED : November 30, 2023, 11:43 IST





