
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में लाखों युवाओं को भारत सरकार द्वारा नौकरी देने का अभियान लगातार जारी है. आज 50 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिए गए हैं. ये नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम और प्रतिभा का नतीजा है. उन्होंने इन युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि भारत सरकार के कर्मचारी के तौर पर आप सभी को बड़े दायित्वों को निभाना है. आप जिस भी पद पर रहें, जिस भी क्षेत्र में काम करें, आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता, देशवासियों की ईज ऑफ लिविंग ही होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि भारत में रोजगार और स्वरोजगार की असीम संभावनाएं इसी तरह बनती रहेगी. यह देश के युवाओं के लिए अपने आप में बहुत अहम है. उन्होंने कहा कि एक अध्ययन के मुताबिक, 5 वर्षों में देश के 13 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आए हैं. इससे पता चलता है कि सरकार की योजनाओं का गरीब तक पहुंचना कितना बड़ा परिवर्तन लाता है.
उन्होंने कहा कि आज सुबह ही आपने देखा होगा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ किस तरह गांव-गांव में जा रही है. आपकी तरह ही सरकार के कर्मचारी, सरकार की योजनाओं को गरीब के दरवाजे पर ले जा रहे हैं. आज के बदलते हुए भारत में आप सभी एक इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति के भी साक्षी बन रहे हैं. आधुनिक एक्सप्रेस-वे हो, आधुनिक रेलने स्टेशन हो, एयरपोर्ट्स हो, वाटर-वे हो, आज देश इन पर लाखों करोड़ रुपए खर्च कर रहा है. आज एक बहुत बड़ा बदलाव ये भी आया है कि वर्षों से अटकी, लटकी, भटकी परियोजनाओं को खोज-खोज करके मिशन मोड पर पूरा कराया जा रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ वर्ष पहले खस्ताहाल हो चुके रियल एस्टेट सेक्टर का जिक्र करते हुए दावा किया कि रेरा कानून की वजह से रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता आई है और रोजगार के अवसर बढ़े हैं. आपको बता दें कि, इन नवनियुक्त कर्मियों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल कर्मयोगी प्रारंभ के माध्यम से स्वयं को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिलेगा. आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर ‘कहीं भी किसी भी उपकरण पर’ सीखने के प्रारूप में 800 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं.





