
हाइलाइट्स
अब तक 2448 आवेदनों में 2121 शिकायतों का किया गया निष्पादन.
एसपी बोले-तेजी से हो रही कार्रवाई से महिलाओं का बढ़ रहा आत्मबल.
गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज में महिलाओं की सहायता और उनसे जुड़ी कानूनी समस्याओं के निपटारे के लिए महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत होने के बाद उन्हें न्याय मिल रहा है. महिलाओं की शिकायतों का तेजी से निष्पादन भी किया जा रहा है. अब महिलाएं बिना संकोच किए और निर्भीक होकर अपनी समस्या बता रहीं हैं. घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, लैंगिक अपराध जैसे मामले लेकर महिलाएं और लड़कियां थाने पहुंच रहीं हैं और बिना संकोच के हेल्प डेस्क पर मौजूद महिला अधिकारी से अपनी परेशानी बता रही हैं और जरूरत पड़ने पर शिकायत भी दर्ज करवा रही है.
गोपालगंज में महिला डेस्क के खुल जाने से थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाली महिलाओं की संख्या में वृद्धि हुई है. पुलिस कार्यालय से जारी किे गए आंकड़ों के अनुसार, अबतक कुल 2448 शिकायतें आईं हैं, इनमें से 2121 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है. शिकायतों के निष्पादन में बैकुंठपुर थाना सबसे आगे हैं. इसके अलावा गोपालपुर, सिधवलिया, उचकागांव व नगर थाना टॉप पर है.
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि महिलाएं अपनी समस्या लेकर थाने में आती हैं. उनके समस्या की सुनवाई और समाधान डेस्क पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी के द्वारा किया जाता था. इसकी स्थापना का ही था कि इसमें महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी हो. महिलाएं बिना संकोच के निर्भीक हो कर अपनी समस्या महिला पुलिस अधिकारी के पास रख सके. महिलाएं 112 डायल कर भी अपनी समस्या महिला हेल्प डेस्क को बता सकती हैं.
क्या है महिला हेल्प डेस्क: महिला हेल्प डेस्क महिलाओं की शिकायतों के लिए थानों में स्थापित किया गया है. यहां चौबीस घंटे महिला पदाधिकारी की तैनाती रहती है, जो किसी पीड़ित महिला को तुरंत हर संभव कानूनी समेत अन्य सहायता मुहैया कराने में पूरी तत्परता से काम करतीं हैं. महिलाओं को किसी आपात स्थिति या घरेलू हिंसा या किसी परिस्थिति में फंसने पर डायल-112 को फोन करके तुरंत सहायता लेनी चाहिए.
.
Tags: Bihar latest news, Bihar News, Gopalganj news, Gopalganj Police
FIRST PUBLISHED : December 2, 2023, 18:45 IST





